
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान (Photo/https://www.instagram.com/ankiitbaliyann)
Ankit Baliyan Murder Case: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े एक चौंकाने वाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिला अध्यक्ष मुकुल चौधरी को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ टिप्पणी करने पर जान से मारने की धमकी मिली। धमकी देने वाली महिला ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताया। शिकायत के बाद शामली पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला तब सामने आया जब गांव जानधेड़ी निवासी मुकुल चौधरी ने एक निजी यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ टिप्पणी की। इस वीडियो को राजस्थान के जयपुर निवासी बिंदु नाम की महिला ने देखा। वीडियो देखने के बाद महिला नाराज हो गई और सोशल मीडिया मैसेंजर के जरिए मुकुल चौधरी को धमकी भेज दी। आरोप है कि उसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मुकुल चौधरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और शनिवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने दावा किया कि वह पिछले आठ वर्षों से लॉरेंस बिश्नोई को मन ही मन अपना पति मानती है। उसका कहना था कि लॉरेंस के खिलाफ कोई गलत टिप्पणी उसे बर्दाश्त नहीं होती।
पुलिस के अनुसार महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और फिलहाल जयपुर में रहकर बाउंसर का काम करती है। उसके करीब चार बच्चे हैं और वह पिछले लगभग आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला न तो कभी लॉरेंस बिश्नोई से मिली है और न ही उसके किसी साथी से उसकी मुलाकात हुई है। इसके बावजूद उसने खुद को लॉरेंस की पत्नी बताकर युवक को धमकी दी।
शामली पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूरे मामले की जांच चल रही है। अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर इलाके में पहले से आक्रोश था। ऐसे में इस धमकी का मामला सामने आने से चर्चा और तेज हो गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
Updated on:
12 Sept 2026 09:55 pm
Published on:
12 Sept 2026 09:55 pm
