
सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस लेटेस्ट अपडेट।
Gogi Gang Instagram Post: अंकित बालियान हत्याकांड में एक बार फिर नया मोड़ सामने आया है। हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले Instagram अकाउंट से शुक्रवार को एक नई पोस्ट शेयर होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कुख्यात गोगी गैंग के नाम से भोलू शापुरिया द्वारा संचालित बताई जा रही इस Instagram ID पर की गई पोस्ट में सुमित और मोहित के एनकाउंटर को ‘हत्या’ बताया गया है।
पोस्ट में लिखा गया कि सोशल मीडिया पर जो भड़काऊ पोस्ट शेयर की जा रही हैं, उनसे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन जो लोग अंकित को निर्दोष बता रहे हैं, वे जान लें कि अंकित मासूम नहीं था। Instagram ID के दोबारा सक्रिय होने के बाद पुलिस और साइबर सेल की टीमें अलर्ट हो गई हैं। साइबर सेल अब इस अकाउंट से जुड़े IP एड्रेस और अन्य डिजिटल फुटप्रिंट के जरिए इसकी लोकेशन और इसे संचालित करने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है।
इससे पहले सत्यम के इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में गाना लगाकर धमकी दी गई थी कि अभी दो मर्डर और होंगे। पुलिस वीडियो की जांच के साथ शूटरों की लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है। वायरल वीडियो में सत्यम के नाम से कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में दो और मर्डर होंगे, जो बचा सकते हो बचा लो, छोड़ेंगे नहीं। पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो की जांच शुरू की है। बता दें कि अंकित बालियान हत्याकांड में वांछित एक-एक लाख रुपये के इनामी करनाल निवासी शार्प शूटर सत्यम और आर्यन अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
पुलिस जांच में अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े कुछ अहम सुराग सामने आए हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, अंकित की हत्या से पहले शूटरों ने करनाल से सिम कार्ड खरीदा था। पुलिस ने सिम कार्ड बेचने वाले दुकानदार से भी पूछताछ की है।
अब पुलिस उस संदिग्ध युवक की तलाश में जुटी है, जिसके जरिए इस सिम कार्ड के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी सामने आ सकती है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपित हत्याकांड के करीब तीन दिन बाद धमदाहा, पूर्णिया (बिहार) पहुंचे थे। वहां इसी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर Snapchat ID बनाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस अब सिम कार्ड की खरीद से लेकर उसके इस्तेमाल तक की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है। इससे शूटरों की आवाजाही और उनके संपर्कों से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
अंकित बालियान की हत्या के पांच दिन बाद, 31 अगस्त को पुलिस ने गोगी गैंग से जुड़े इनामी बदमाश सुमित और मोहित को मुठभेड़ में मार गिराया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक, एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह और एएसपी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी थी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब चार बजे करनाल की तरफ से बाइक पर सवार दो संदिग्ध मद्रा पुल की ओर आते दिखाई दिए। वहां चेकिंग कर रहे SHO धर्मेंद्र गौतम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुलिस वाहन का शीशा टूट गया।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने से सुमित और मोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अब गोगी गैंग के नाम से संचालित Instagram ID से आई नई पोस्ट ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। पुलिस पोस्ट की सत्यता, अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति और अंकित बालियान हत्याकांड से इसके कनेक्शन की जांच कर रही है।
Updated on:
04 Sept 2026 12:49 pm
Published on:
04 Sept 2026 12:40 pm
