31 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ankit Baliyan Murder Case: अंकित बालियान मर्डर केस में ADG ने किया बड़ा खुलासा! बोले- मारे गए शूटर्स प्रोफेशनल, एक पर 15 केस

Ankit Baliyan Murder Case Update: शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो कथित शूटर्स को मार गिराया। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के मुताबिक, दोनों प्रोफेशनल शूटर थे और इनमें से एक पर करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में दो अन्य शूटर्स और साजिश में शामिल लोगों की तलाश जारी है।
3 min read
Google source verification
ankit baliyan murder case update know what adg said shamli

अंकित बालियान मर्डर केस में बड़ा अपडेट। फोटो सोर्स-IANS

Ankit Baliyan Murder Case Update:उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान वारदात में शामिल बताए जा रहे दो शूटर्स को मार गिराया है। दोनों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। उत्तर प्रदेश के ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि दोनों शूटर प्रोफेशनल थे और इनमें से एक के खिलाफ करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

ADG अमिताभ यश ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस को 2 अन्य शूटर्स के साथ-साथ इस पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश है।

26 अगस्त को हुई थी अंकित बालियान की हत्या

ADG अमिताभ यश के मुताबिक, 26 अगस्त को शामली में अंकित बालियान की चार शूटर्स ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें चारों संदिग्ध शूटर्स दिखाई दिए। जांच में सामने आया कि हमलावर 2 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हुए थे।

'बोगी गैंग' के नाम से सामने आई थी सोशल मीडिया पोस्ट

हत्या के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर 'बोगी गैंग' के नाम से एक पोस्ट सामने आई थी। इस पोस्ट में भोले शाहपुरिया नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर दावा किया था कि अंकित बालियान की हत्या उसी ने या उसकी गैंग ने की है। हालांकि, ADG अमिताभ यश ने स्पष्ट किया कि पुलिस उस सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर पाई थी। इसके बावजूद पुलिस ने पोस्ट को जांच के एक एंगल के तौर पर लिया और मामले की पड़ताल शुरू कर दी।

पुलिस ने मुठभेड़ में दो शूटर्स को मार गिराया

अमिताभ यश ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली और सोमवार सुबह गैंग से जुड़े बताए जा रहे दो शूटर्स को मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपियों की ओर से भारी फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर मारे गए। अधिकारियों के अनुसार, मौके से अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं।

मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल

ADG लॉ एंड ऑर्डर के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान शूटर्स ने पुलिस टीम पर भारी फायरिंग की। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से हथियार और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच आगे भी जारी है।

सुमित और मोहित के रूप में हुई दोनों की पहचान

मुठभेड़ में मारे गए दोनों शूटर्स की पहचान सुमित और मोहित के रूप में की गई है। अमिताभ यश ने बताया कि दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इनमें से एक के खिलाफ करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे का आपराधिक रिकॉर्ड अब तक सिर्फ एक मामले का सामने आया है। पुलिस अब दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित मामलों से उनके संबंधों की भी जांच कर रही है।

'प्रोफेशनल शूटर्स' होने की आशंका

ADG अमिताभ यश ने कहा कि जिस तरीके से अंकित बालियान की हत्या को अंजाम दिया गया, उससे प्रथम दृष्टया संकेत मिलता है कि हमलावर प्रोफेशनल शूटर्स थे। उन्होंने आशंका जताई कि इन शूटर्स का इस्तेमाल इससे पहले भी दूसरी आपराधिक वारदातों में किया गया हो सकता है। पुलिस अब इस दिशा में भी जांच कर रही है कि क्या इनका संबंध अन्य हत्या या आपराधिक घटनाओं से रहा है।

दिल्ली-हरियाणा की वारदातों से भी जुड़ाव की जांच

अमिताभ यश ने बताया कि शूटर्स का कार्यक्षेत्र आउटर दिल्ली और हरियाणा तक होने की आशंका है। इन इलाकों में पहले भी इस तरह की कई आपराधिक घटनाएं हुई हैं, जिनमें से कुछ मामलों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एनकाउंटर में मारे गए दोनों शूटर्स का उन वारदातों से कोई संबंध था या नहीं।

दो अन्य शूटर्स की तलाश जारी

अंकित बालियान हत्याकांड में अभी पुलिस की जांच खत्म नहीं हुई है। ADG ने बताया कि वारदात में शामिल दो अन्य शूटर्स को ट्रैक करना बाकी है। इसके अलावा पुलिस उन लोगों तक भी पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर इस पूरी साजिश को तैयार किया या किसी भी स्तर पर इसमें मदद की।

पूरी साजिश में शामिल लोगों तक पहुंचेगी पुलिस

अमिताभ यश ने कहा कि सिर्फ शूटर्स की गिरफ्तारी या मुठभेड़ में उनके मारे जाने से जांच पूरी नहीं होगी। इस हत्याकांड के पीछे जो भी लोग हैं और जिन्होंने साजिश को अंजाम देने में भूमिका निभाई है, उन्हें भी कानून के दायरे में लाना जरूरी है। फिलहाल पुलिस 2 फरार शूटर्स और हत्याकांड से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। साथ ही एनकाउंटर में मारे गए सुमित और मोहित के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका किसी अन्य आपराधिक वारदात से संबंध था या नहीं।