
Ankit Balian Murder Case: हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस की कार्रवाई के बाद परिवार की प्रतिक्रिया सामने आई है। पुलिस मुठभेड़ में दो शूटरों सुमित और मोहित के मारे जाने पर अंकित के पिता सत्यवीर ने कहा कि उन्हें अभी आधा इंसाफ मिला है। उन्होंने कहा कि बाकी आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई होने पर ही उन्हें पूरी तसल्ली मिलेगी।
अंकित के पिता ने कहा, “अभी आधा इंसाफ मिला। अब हमें पूरी उम्मीद है कि पूरा इंसाफ मिल जाएगा। पहले भी थी, लेकिन धीरे-धीरे वो डगमगा रही थी। बाकियों को और मारो, तभी हमें तसल्ली होगी।” उन्होंने पुलिस और योगी सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा कि पांच-छह दिन बीत चुके थे और अगर आज कार्रवाई नहीं होती तो उनका विश्वास टूट जाता।
शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों शूटर बाइक से सोनीपत की तरफ भाग रहे हैं। इसके बाद औद्योगिक थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलीं।
अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में जिम से निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात को चार शूटरों ने अंजाम दिया था। सुमित और मोहित के अलावा सत्यम और आर्यन भी हत्या में शामिल बताए जा रहे हैं। दोनों फिलहाल फरार हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया था कि हमलावरों ने अंकित पर करीब 18 राउंड फायरिंग की थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अंकित की हत्या के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया था। इस दौरान अंकित की मां बेटे का शव गोद में लेकर सड़क पर बैठ गई थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर और सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह भी शामली पहुंचे थे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।
अंकित ने हत्या से करीब एक घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक गाना पोस्ट किया था। वीडियो में वह कार में बैठकर गाना गाते नजर आया था। घटना के बाद यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आया।
हत्या के अगले दिन 27 अगस्त को ‘गोगी ग्रुप’ नाम के गिरोह की ओर से सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। गिरोह से जुड़े बताए जा रहे सोनीपत निवासी भोलू शाहपुरिया ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर अंकित पर दुश्मनों का साथ देने का आरोप लगाया था।
इसी बीच सिंगर-एक्टर भूपेंद्र ढींगरा ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अंकित की हत्या को लेकर दावा किया था। उन्होंने कहा था कि जिम में उनका अंकित से विवाद हुआ था और इसके बाद उन्होंने शूटर बुलाकर हत्या करवाई। पुलिस इन दावों और हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Updated on:
31 Aug 2026 08:49 am
Published on:
31 Aug 2026 08:38 am
