
हरियाणवी गायक अंकित बालियान
Ankit Baliyan Case: हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच में यह मामला अचानक हुई वारदात के बजाय पहले से प्लान की गई हत्या का लग रहा है। पुलिस को जानकारी मिली है कि वारदात को अंजाम देने वाले हरियाणा और उत्तर प्रदेश के शूटर करीब दो दिन पहले ही शामली पहुंच गए थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शहर में कहां ठहरे, उन्होंने अंकित की दिनचर्या और जिम के आसपास की गतिविधियों की कितनी देर तक निगरानी की और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए।
जांच एजेंसियों को शक है कि शूटरों ने शामली में किसी होटल या धर्मशाला को अपना ठिकाना बनाया था। इसके बाद उन्होंने अंकित की गतिविधियों पर नजर रखी होगी। इसी वजह से पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें पिछले कुछ दिनों में होटल, धर्मशालाओं और अन्य ठिकानों पर ठहरे लोगों का रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए उनकी आईडी, मोबाइल नंबर और आने-जाने की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस की नजर खासतौर पर उन युवकों पर है, जिनकी उम्र करीब 21 से 30 साल के बीच है और जो हत्या से एक-दो दिन पहले शामली पहुंचे थे।
जांच में सामने आए एक और महत्वपूर्ण पहलू ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। आशंका है कि हमलावर हत्या से एक दिन पहले भी अंकित को निशाना बनाने के इरादे से जिम के आसपास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उस समय जिम के आसपास ज्यादा भीड़ थी। ऐसे में शूटरों ने मौके की स्थिति देखकर वारदात टाल दी और अगले दिन दोबारा रेकी की। इसके बाद अंकित के जिम से बाहर निकलते ही उन पर फायरिंग कर दी गई। हालांकि, पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है और CCTV फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी पहले दिन वास्तव में वहां पहुंचे थे या नहीं।
अंकित हत्याकांड में इस्तेमाल हथियारों को लेकर भी पुलिस को अहम जानकारी मिली है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के मुताबिक, शुरुआती जांच में हमलावरों के पास विदेशी हथियार होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पिस्टल समेत अत्याधुनिक हथियारों से करीब 18 राउंड फायरिंग की। इससे वारदात में पेशेवर शूटरों के शामिल होने का शक और गहरा गया है।
वारदात के बाद हमलावर किस रास्ते से भागे, इसका पता लगाने के लिए पुलिस लगातार CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसी बीच घटना से जुड़ा एक और CCTV फुटेज सामने आया है। बताया जा रहा है कि वीडियो नाला पटरी इलाके का है। इसमें चारों हमलावर वारदात के बाद पैदल भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अलग-अलग कैमरों की रिकॉर्डिंग को जोड़कर उनके भागने का पूरा रूट तैयार करने की कोशिश कर रही है।
जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन को दोबारा समझने की कोशिश की। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और वहां मौजूद लोगों से घटना के क्रम की जानकारी ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। एक दुकानदार ने बताया कि हमलावरों को फायरिंग करते देख उसने अपनी दुकान बंद की और वहां से भाग गया। गोलियां चलने के बाद काफी देर तक वह वापस आने की हिम्मत नहीं जुटा सका। एक महिला ने भी बताया कि वह सामान लेकर घर लौट रही थी। अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी तो डर के कारण वह भी वहां से हट गई। जिम संचालक के मुताबिक, वारदात के वक्त जिम के अंदर क्लास चल रही थी। गोलियों की आवाज सुनकर जब वह बाहर आए, तब तक हमलावर भाग चुके थे।
Updated on:
29 Aug 2026 06:20 pm
Published on:
29 Aug 2026 06:16 pm
