30 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अंकित बालियान हत्याकांड पर अखिलेश का परिवार को भरोसा, बोले- आज नहीं तो कल इंसाफ होगा, 2 नए CCTV में कैद पूरी वारदात

Ankit Baliyan Murder Case: शामली में सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में नए CCTV फुटेज सामने आए हैं। अखिलेश यादव ने परिजनों से बात कर इंसाफ की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया।
3 min read
Google source verification

शामली

image

Aman Pandey

Aug 29, 2026

Ankit Baliyan Murder Case

ने अंकित के घर पहुंचक हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान इकरा ने अंकित के पिता सतबीर से पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की बात कराई। (Photo : IANS)

Ankit Baliyan Murder: हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद मामला अब सियासी रंग भी लेने लगा है। शुक्रवार को कैराना से सपा सांसद इकरा हसन और आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान इकरा हसन ने अंकित के पिता सत्यवीर सिंह फौजी की समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बात कराई। अखिलेश यादव ने परिवार को इंसाफ की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।

अखिलेश यादव ने उप्र की भाजपा सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया "X" पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि लोकप्रिय युवा गायक स्व. अंकित बालियान के दुखी पिता से बात करके हमने उन्हें ये आश्वासन दिया कि इंसाफ़ की इस लड़ाई में हम हर कदम पर उनके साथ हैं।

रक्षाबंधन के ठीक पहले जिन बहनों ने अपना भाई खोया है और माता-पिता ने पुत्र उनका दुख अपार है। बालियान समाज भी अपने उभरते हुए सितारे को खोकर जितना व्यथित है, उसका वर्णन नहीं किया जा सकता है।

इस हत्याकांड में उप्र की भाजपा सरकार और उनके ठंडे पड़े सहयोगियों की निष्क्रियता और पक्षपातपूर्ण रवैये से पूरी तरह हताश संपूर्ण बालियान समाज के लोगों को हम विश्वास दिलाते हैं कि उनके साथ अन्याय नहीं होने देंगे। हमारे जन-प्रतिनिधि लगातार शोक-संतप्त परिजनों के संपर्क में रहकर उन्हें हर तरह की मदद करने के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।

आज नहीं तो कल इंसाफ़ होगा, जब बदलाव होगा।

इकरा हसन ने परिवार से मुलाकात के दौरान कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर चौथे दिन तक हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ तो पार्टी धरना देगी। उन्होंने अंकित के नाम पर सांसद निधि से स्मारक बनवाने की बात भी कही।

हत्या के दो दिन बाद सामने आया वारदात का नया वीडियो

इधर, अंकित हत्याकांड की जांच के बीच दो नए CCTV फुटेज सामने आने से वारदात की तस्वीर और साफ हुई है। वीडियो में दिख रहा है कि हमलावर पहले से इलाके में मौजूद थे और अंकित के जिम से निकलने का इंतजार कर रहे थे।

एक फुटेज में बुधवार शाम करीब 6:44 बजे अंकित जिम से बाहर आते दिखाई देते हैं। उन्होंने काले रंग की टी-शर्ट और लोअर पहन रखा है। हाथ में भूरे रंग का बैग है। वह कुछ कदम दूर खड़ी अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो के पास पहुंचते हैं और बैग गाड़ी के पिछले हिस्से में रख देते हैं।

इसके बाद अंकित ड्राइविंग सीट की ओर बढ़ते हैं। वह जैसे ही कार का दरवाजा खोलकर अंदर बैठने लगते हैं, चार हमलावर अचानक उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लेते हैं। इनमें से एक बदमाश उनके बिल्कुल पास पहुंचकर गोलियां चलाता है, जबकि अन्य आरोपी भी वाहन को निशाना बनाकर फायरिंग करते हैं।गोली चलने की आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच जाती है। सड़क से गुजर रही महिलाएं और दूसरे लोग जान बचाने के लिए भागते दिखाई देते हैं।

हथियार लहराते हुए मौके से निकले आरोपी

दूसरे CCTV में हमले के बाद का दृश्य कैद हुआ है। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी पैदल वहां से निकलते नजर आते हैं। उनके हाथों में हथियार हैं और भागते समय वे हवा में तमंचे लहराकर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में आरोपियों के चिल्लाने की आवाज भी सुनाई देती है।

इससे पहले सामने आए CCTV में दोनों बाइक भी दिखाई दी थीं, जिनसे आरोपी मौके पर पहुंचे और वारदात के बाद फरार हुए थे। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

वारदात से पहले इलाके की रेकी का शक

जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी अचानक वहां नहीं पहुंचे थे। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, चार संदिग्ध युवक हत्या से करीब दो घंटे पहले ही जिम के आसपास घूमते देखे गए थे।

बताया गया कि उन्होंने दो बाइक जिम के पास खड़ी की थीं। श्री बालाजी कन्फेक्शनरी के बगल वाली दुकान की सीढ़ियों पर हेलमेट और गमछे रखे गए थे। दुकानदारों के अनुसार, संदिग्धों ने सिगरेट खरीदी और काफी देर तक आसपास मौजूद रहे।

इससे पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने पहले से अंकित की गतिविधियों पर नजर रखी और उनके जिम से बाहर निकलने का इंतजार किया।

फायरिंग के बाद भी उसी जगह लौटे बदमाश

कन्फेक्शनरी संचालक अक्षय गर्ग ने पुलिस को बताया कि गोलीबारी के बाद आरोपी कुछ देर के लिए उसी स्थान पर वापस आए थे, जहां उन्होंने अपना सामान रखा था। हालांकि, वे हेलमेट और गमछे वहीं छोड़कर निकल गए।

पुलिस अब इन सामानों के अलावा CCTV फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

STF समेत तीन जिलों की पुलिस जांच में जुटी

अंकित की हत्या के बाद पुलिस ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई हैं। एसटीएफ के साथ शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर पुलिस भी संदिग्धों की तलाश कर रही है।

एडीजी मेरठ जोन ने शामली पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की और जांच की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने टीमों को CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले सुरागों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं।