
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान (फाइल फोटो)
Haryanvi Singer Ankit Balyan Post Mortem Report:उत्तर प्रदेश के शामली में मारे गए हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में हत्यारों का दुस्साहस साफ झलक रहा है। अंकित के पैर से सिर तक नौ गोलियां मारी गईं। इनमें चार गोलियां शरीर को आर-पार कर गईं, जबकि पांच गोलियां शरीर के अंदर धंसी पाई गईं। पांव से लेकर सिर तक गोलियों के निशान ने हमलावरों की क्रूरता की कहानी बयां कर दी।
सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम से पहले कराए गए एक्सरे और सीटी स्कैन में नौ गोलियां लगने की पुष्टि हुई। अंकित के सिर में दो गोलियां लगीं, जो आरपार हो गईं। शरीर में धंसी पांच गोलियों में दो जांघ में, दो पेट में और एक गोली छाती के आसपास मिली। इसके अलावा अन्य दो गोलियां भी शरीर को आरपार करती हुई निकलीं। चिकित्सकों ने गोलियों के प्रवेश और निकास स्थानों की पड़ताल के बाद ही पोस्टमार्टम शुरू किया।
शाम के समय कोतवाली से कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही फायरिंग शुरू हुई, अंकित जान बचाने के लिए पास खड़ी स्कॉर्पियो के पीछे छिपने का प्रयास करने लगे। हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा। गाड़ी की ओट लेने पर बदमाश आगे पहुंच गए और स्कॉर्पियो पर भी फायरिंग की। तीन गोलियां गाड़ी के अगले हिस्से और शीशे को भेदती हुई निकल गईं। गाड़ी के शीशे पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दिए।
हत्या के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया। करीब पौने 12 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। अस्पताल में पहले एक्सरे और सीटी स्कैन कराया गया। रात करीब तीन बजे चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम शुरू किया, जो सुबह सात बजे तक जारी रही। गोलियों की संख्या और चोटों की पड़ताल के कारण प्रक्रिया लंबी चली।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। चार संदिग्ध युवक (उम्र 20-24 वर्ष) दो बाइकों पर आते-जाते दिखे। घटना के बाद वे गली के रास्ते पैदल निकले और बुढ़ाना रोड पर पहले से खड़ी बाइकों तक पहुंचे। वहां से दो-दो की संख्या में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि भागने का रास्ता पहले से तय था। अब फुटेज के आधार पर पहचान और रूट की जांच जारी है।
Updated on:
27 Aug 2026 10:07 pm
Published on:
27 Aug 2026 10:04 pm
