4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ankit Baliyan Murder Case: ‘दिन-रात धमकियों का सामना करना पड़ता है’, सिंगर मासूम शर्मा ने अंकित के परिवार को दिया मदद का भरोसा

Ankit Baliyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद मासूम शर्मा उनके परिवार से मिलने पहुंचे। पत्नी सीमा ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की, वहीं मासूम शर्मा ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
3 min read
Google source verification
ankit baliyan murder masoom sharma family meeting

सिंगर मासूम शर्मा। फोटो सोर्स-X (@hindipatrakar)

Ankit Baliyan Murder Case Update: सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद हरियाणवी कलाकार मासूम शर्मा उनके परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुलाकात के दौरान परिवार की मौजूदा स्थिति और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर भी बातचीत हुई।

मुलाकात के बाद अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने कहा कि परिवार की सबसे बड़ी मांग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई है। उन्होंने बताया कि अंकित के निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है और उनके ऊपर लोन चल रहा है।

धमकियों की वजह से पहले नहीं मिल पाए थे मासूम शर्मा

मासूम शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह पहले अंकित के परिवार से मिलने नहीं आ पाए थे। इसकी वजह उनके खिलाफ मिल रही धमकियों से जुड़ी चिंताएं थीं। बाद में मंत्री और बालियान परिवार से जुड़े लोगों से बातचीत के बाद वह सुरक्षा के साथ परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के जवान सदस्य को खोने का दुख बहुत बड़ा होता है और इसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता। उन्होंने अंकित के परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

‘दिन-रात मिल रही हैं धमकियां’

खुद को मिल रही धमकियों के सवाल पर मासूम शर्मा ने कहा कि उन्हें दिन-रात धमकियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कलाकारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के चलते फिलहाल स्थिति कुछ नियंत्रित नजर आ रही है।

सीमा बोलीं- आर्थिक मदद की हुई चर्चा, लेकिन रकम स्पष्ट नहीं

अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने बताया कि मासूम शर्मा से मुलाकात के दौरान परिवार के मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। मासूम शर्मा ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और सहयोग का भरोसा दिया है। सीमा के मुताबिक, आर्थिक मदद को लेकर चर्चा जरूर हुई है, लेकिन यह मदद किस रूप में होगी या कितनी होगी, इसकी अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

परिवार पर लोन, कमाने वाले सदस्य के जाने से बढ़ा संकट

सीमा ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। परिवार का पूरा भार एक व्यक्ति पर था और अंकित के चले जाने के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि परिवार पर लोन भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से आर्थिक मदद को लेकर अभी तक परिवार को कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।

‘जो भी आरोपी है, उसे छोड़ा न जाए’

सीमा ने कहा कि उनकी पहली मांग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी है। उन्होंने कहा कि जो लोग अभी खुले में घूम रहे हैं, उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी व्यक्ति अपराध में शामिल रहा है, चाहे उसकी भूमिका छोटी हो या बड़ी, किसी को भी छोड़ा नहीं जाना चाहिए। कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जिससे समाज में उदाहरण स्थापित हो और भविष्य में कोई व्यक्ति इस तरह की साजिश करने से पहले डरे।

परिवार को भी खतरे की आशंका

अंकित की पत्नी सीमा ने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब अंकित निर्दोष थे और उनके खिलाफ हिंसक घटना हुई, तो परिवार के सदस्यों को भी डर महसूस होना स्वाभाविक है। सीमा ने कहा कि परिवार सार्वजनिक रूप से आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। ऐसे में उन्हें भी खतरा महसूस होता है। उन्होंने समाज में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।