छोटे कद वाले अजीम मंसूरी को आ रहे एक के बाद एक कॉल अब शादी के लिए भी आने शुरू हुए अजीम के पास प्रस्ताव
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
शामली. महिला थाने पहुंचकर शादी की गुहार लगाने वाला दो फीट छह इंच की लंबाई वाला अजीम मंसूरी फेमस हाे गया है। अजीम काे पहले सांसद ने फोन किया और अब मुम्बई से सलमान खान ने अजीम काे फोन किया है। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं है लेकिन अजीम और उसके परिवार वालाें का कहना है कि सुपर स्टार सलमान खान की कॉल आई है और उन्हाेंने अजीम को मुम्बई में आकर फिल्माें में काम करने का प्रस्ताव दिया है। इतना ही नहीं अजीम के ही अनुसार अब उसे अलग-अलग प्रदेशों से लाेग संपर्क कर रहे हैं।
दरअसल 9 मार्च को शामली जनपद के कैराना निवासी कॉस्मेटिक की दुकान करने वाले हाजी नसीम मंसूरी के 26 वर्षीय बेटे मोहम्मद अजीम मंसूरी ने शामली महिला थाने में पहुंचकर इंस्पेक्टर से अपनी शादी की गुहार लगाई थी। अजीम मंसूरी की हाइट दो फीट छह इंच हैं। अजीम ने कहा था कि कम हाइट होने की वजह से उसकी शादी नहीं हाे पा रही है। अजीम मंसूरी के शादी कराने की गुहार लगाने का वीडियो साेशल मीडिया पर वायरल हाे गया था।
अब अजीम ने ही दावा किया है कि उसके पास मुंबई से सिनेमा जगत के अभिनेता सलमान खान ने फोन किया है और अच्छा डांस करने पर फिल्मों में काम करने का प्रस्ताव दिया है। अजीम के अनुसार अब उसे गाजिायबाद, अमरोहा, पटियाला व बिहार राज्य से भी छोटे कद वाली लड़की के परिजनों के फोन आ रहे हैं। अजीम मंसूरी ने बताया कि उसने 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एवं उनके पिता मुलायम सिंह यादव से मिलकर भी अपनी शादी कराने की गुहार लगाई थी। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद उसकी शादी कराने का आश्वासन दिया था। अजीम मंसूरी का कहना हैं कि वह जल्द से जल्द अपनी शादी कराकर अपनी दुल्हन को लेकर गोवा कुल्लू मनाली सहित अन्य हिल स्टेशनों पर ले जाने की तैयारी कर रहा है।