उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मां और उसकी दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। तीनों घर के एक हिस्से में सो रही थीं, तभी अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई गई और तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में सिलेंडर ब्लास्ट को आग की वजह बताया जा रहा है।