
Kuno National Park Master Plan: यदि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो आगामी समय में पर्यटक श्योपुर जिले में न केवल कूनो नेशनल पार्क में चीता सफारी करेंगे, बल्कि साथ में कूनो के आसपास अन्य इको टूरिज्म और हेरिटेज टूरिज्म का भी लुत्फ उठा सकेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि कुनो और उसके आसपास के क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए एमपी टूरिज्म द्वारा मास्टर प्लान बनाया जा रहा है। जिसमें कूनो नेशनल पार्क के तीनों प्रवेश द्वारों के साथ ही आमेठ की गढ़ी और डोबकुंड जैसे ऐतिहासिक स्थलों के साथ ही आसपास के 10 से अधिक स्थानों को विकसित किया जाएगा। इसके लिए मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा प्रस्ताव तैयार किए जा रहे है। वहीं दूसरी ओर कुनों तक पहुंचने के लिए विभिन्न स्थानों पर 13 स्थानों पर दिशा सूचक बोर्ड भी लगाए जाने का काम शुरू हो गया है।
मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा कूनो नेशनल पार्क क्षेत्र के समग्र पर्यटन विकास के उद्देश्य से जिन स्थानों को विकसित करने का प्लान है, उनमें कूनों का टिकटोली गेट, अहेरा गेट, पीपल बावड़ी गेट, आमेठ फोर्ट, डोब कुंड, ओल्ड जैन टेंपल देक्-खो, वल्वर प्वाइंट, पनवाड़ा का अन्नपूर्णा मंदिर, धोरेट सरकार मंदिर, सिरोनी वाले हनुमान जी मंदिर आदि शामिल हैं। इन स्थलों पर पर्यटक सुविधाओं, पार्किंग, सौंदर्याकरण, साइनेज, विश्राम सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक पर्यटन अधोसंरचना का विकास किया जाएगा।
कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन द्वारा श्योपुर-शिवपुरी हाइवे पर सेसईपुरा गांव में चीता सफारी पहले से प्रस्तावित है, जिसके लिए डीपीआर भी बनाई जा रही है। वहीं पर्यटन विकास निगम द्वारा सेसईपुरा में ही बॉटनिकल गार्डन भी विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वहीं सेसईपुरा के निकट कूनो नदी पर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का विकास भी किया जाएगा।
पर्यटन विकास के नए प्रस्तावित कार्यों साथ ही पर्यटन विकास निगम द्वारा सेसईपुरा में एक आधुनिक सुविधाओं से युक्त कूनो रिसॉर्ट का निर्माण कराया के जा रहा है। करीब 24 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणधीन इस रिसॉर्ट में 23 कॉटेज, स्वीमिंग पूल, बार, वेलनेस सेंटर सहित तमाम सुविधाएं विकसित की जा रही है। इसके साथ ही कूनों के टिकटोली गेट के पास करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से कैफेटेरिया, इंटरप्रिटेशन सेंटर, पर्यटक स्वागत केन्द्र एवं अन्य पर्यटक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
जिले में कूनो के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इसके आसपास के क्षेत्रों में भी पर्यटन विकास का प्लान है। इसके लिए मप्र पर्यटन विकास निगम के माध्यम से काम कराए जा रहे हैं।-रूपेश उपाध्याय, अपर
कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी, जिला पर्यटन एवं पुरातत्व परिषद श्योपुर अभी सेसईपुरा में एक रिसॉर्ट निर्माणधीन है, है, जबकि टिकटोली गेट पर भी पर्यटन विकास का काम चल रहा है। इसके साथ ही अन्य स्थानों को भी विकसित करने के प्रस्ताव हैं।- अनिल कुमार पाटीदार, कार्यपालन यंत्री, राज्य पर्यटन विकास निगम ग्वालियर