शिमला

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर जयराम ठाकुर ने किया याद, PMGSY और रोहतांग टनल में योगदान को सराहा

Atal Bihari Vajpayee Death Anniversary: अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर जयराम ठाकुर ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने PMGSY और रोहतांग टनल के निर्माण में वाजपेयी के योगदान को याद किया।
2 min read
Aug 16, 2026
Atal Bihari Vajpayee Death Anniversary
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर जयराम ठाकुर ने किया याद

Atal Bihari Vajpayee Rohtang Tunnel: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने देश के बुनियादी ढांचे के विकास में वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए खास तौर पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) और रोहतांग टनल परियोजना का जिक्र किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं था। उन्होंने कवि, लेखक, पत्रकार और शानदार वक्ता के रूप में भी देश में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि वाजपेयी की ओर से शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने गांवों को सड़कों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इसका प्रभाव आज भी दिखाई देता है।

3,500 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना पूरी

उन्होंने रोहतांग टनल को लेकर भी वाजपेयी के योगदान को याद किया। ठाकुर ने कहा कि रोहतांग टनल के निर्माण का सपना साकार करने की दिशा में पहला कदम अटल बिहारी वाजपेयी ने उठाया था। बाद में करीब 3,500 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना पूरी हुई। इस टनल ने लाहौल के लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के साथ क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि यह टनल रणनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है जयराम ठाकुर ने कहा कि वाजपेयी की राजनीतिक विरासत के साथ-साथ उनके साहित्यिक और पत्रकारिता के योगदान को भी देश हमेशा याद रखेगा। उनके नेतृत्व और वक्तृत्व कला ने भारतीय राजनीति पर गहरी छाप छोड़ी।

अटल बिहारी वाजपेयी स्वतंत्र भारत के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। वह तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। वर्ष 1996 में उन्होंने कुछ समय के लिए प्रधानमंत्री पद संभाला, जबकि 1998 से 1999 और फिर 1999 से 2004 तक उन्होंने गठबंधन सरकारों का नेतृत्व किया। वह भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक थे और उन्हें वर्ष 2015 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

अटल बिहारी वाजपेयी का निधन 16 अगस्त 2018 को 93 वर्ष की उम्र में हुआ था। उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में राजनीतिक नेताओं और गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

Updated on:
16 Aug 2026 07:01 pm
Published on:
16 Aug 2026 07:01 pm