
Himachal Drug Mafia: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि नशे के कारोबार के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति जुटाने वालों को अब अपनी अवैध कमाई का हिसाब देना होगा। उन्होंने कहा कि ड्रग्स की तस्करी से अर्जित आलीशान मकान, होटल, दुकानें, जमीन, नकदी और महंगी गाड़ियां वास्तव में मेहनतकश लोगों की कीमत पर बनाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा बेचकर संपत्ति खड़ी करने वालों को समझना होगा कि यह पैसा मेहनतकश लोगों, गरीबों और उन परिवारों का है, जिनके बच्चे नशे की गिरफ्त में फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से यह पैसा अब वापस लिया जा रहा है।
सुक्खू ने नशा तस्करों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने और करीब 3.27 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त करने के लिए नूरपुर पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है और मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को किसी भी कीमत पर अपराधियों के पास नहीं रहने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक नूरपुर में जब्त संपत्तियों में आलीशान मकान, जमीन, होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से ड्रग माफिया और नशे के सौदागरों को स्पष्ट संदेश गया है कि हिमाचल प्रदेश में उनके लिए कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीति केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है। सरकार का लक्ष्य पूरे ड्रग नेटवर्क को खत्म करना है। इसमें नशे के कारोबार से जुड़ी वित्तीय व्यवस्था और अवैध तरीके से बनाई गई संपत्तियों पर कार्रवाई भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को इस दिशा में सख्त कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है और सरकार उन्हें हर संभव सहयोग दे रही है।
सुक्खू ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर में अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई राज्य सरकार की ड्रग माफिया के खिलाफ सख्त नीति और नशे के खिलाफ पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और राज्य को नशे के दुरुपयोग और तस्करी की चपेट में लाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए नशे के कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति और पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार बनने के बाद आदतन अपराधियों के खिलाफ PIT-NDPS Act का सख्ती से इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि उन्हें जेल में रखा जा सके। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अगर उन्हें नशे के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो उसे पुलिस के साथ साझा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज से इस गंभीर सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।
सुक्खू ने बताया कि ड्रग माफिया और नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पंचायत स्तर तक मैपिंग की गई है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों और उनके नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि हिमाचल प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ अपनी लड़ाई पूरी दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी।