
चंबा में नवविवाहिता ने दुपट्टे से बचाई बाइक सवार की जान / फोटो सोर्स- X(@imravindrabisht)
Viral Video News: हिमाचल प्रदेश के चंबा में बारिश के बाद सड़क पर आए तेज पानी के बहाव में एक बाइक सवार बुरी तरह फंस गया। पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवक की जान पर बन आई। इसी बीच वहां से गुजर रही एक नवविवाहिता ने अपनी सूझबूझ दिखाई और अपना दुपट्टा आगे बढ़ाकर युवक की जान बचा ली। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना चंबा के भटियात इलाके के कमलाड़ी की है। बताया जा रहा है कि शुरुआत में सड़क पर पानी सामान्य दिख रहा था, लेकिन अचानक ऊपर से आए तेज सैलाब ने पूरी सड़क को खतरनाक जलधारा में बदल दिया। इसी दौरान वहां पहुंचे बाइक सवार को पानी की गहराई और रफ्तार का सही अंदाजा नहीं लग सका। देखते ही देखते बाइक का संतुलन बिगड़ने लगा और पानी का दबाव इतना बढ़ गया कि युवक खुद को संभाल नहीं पा रहा था।
जब कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था, तभी वहां से कार में जा रही एक महिला ने बिना देर किए अपना दुपट्टा उतारा और बाइक सवार की तरफ बढ़ा दिया। युवक ने तुरंत दुपट्टे को कसकर पकड़ लिया। इतने में वहां एक और कार आ रुकी। कार में सवार लोगों ने भी तुरंत मदद की और सबने मिलकर बाइक सवार को सही-सलामत पानी से बाहर निकाल लिया। अगर थोड़ी सी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना का वीडियो इंटरनेट पर आने के बाद लोग महिला के साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। हालांकि महिला कौन थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जहां ज्यादातर लोग खौफ के मारे दूर खड़े थे, वहां इस नवविवाहिता ने अपनी सूझबूझ से एक इंसान की जिंदगी बचा ली।
हिमाचल और चंबा जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के मौसम में ऐसी घटनाएं बहुत घातक साबित हो सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों और स्थानीय प्रशासन की सलाह है कि पहाड़ों में यात्रा करते समय बहते पानी को कभी हल्का न समझें, क्योंकि ऊपर से आने वाले सैलाब में पानी का बहाव और गहराई धोखा दे सकती है। बारिश के दौरान अगर सड़क पर पानी का बहाव तेज दिखे तो किसी सुरक्षित स्थान पर रुककर जलस्तर कम होने का इंतजार करना ही समझदारी है, क्योंकि ऊपरी इलाकों में अचानक होने वाली बारिश निचले रास्तों पर पलभर में फ्लैश फ्लड का रूप ले लेती है।
Updated on:
01 Sept 2026 12:58 pm
Published on:
01 Sept 2026 12:54 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
