
Shivpuri Sarpanch Son Missing: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र की झिरी ग्राम पंचायत की सरपंच का बेटा अचानक लापता हो गया है। युवक घर से बाइक से शिवपुरी जाने की बात कहकर निकला था और फिर वापिस नहीं लौटा। परिजन ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल बंद मिला। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
झिरी ग्राम पंचायत की सरपंच पप्पी आदिवासी का 23 वर्षीय बेटा रामकिशोर आदिवासी दो दिन पहले (12 अक्टूबर) को घर से ये कहकर निकला था कि वो बाइक सामान लेने के लिए शिवपुरी जा रहा है। रामकिशोर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया। मोबाइल बंद मिला, इसके बाद परिजनों ने सभी दोस्तों व रिश्तेदारों से संपर्क में रामकिशोर के बारे में पूछा लेकिन किसी से कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और रामकिशोर की गुमशुदगी दर्ज कराई।
बेटे के अचानक लापता होने से परिवार चिंतित है। परिजनों को आशंका है कि रामकिशोर के साथ कोई अनहोनी हो सकती है, उन्हें ये भी डर सता रहा है कि कहीं किसी ने रामकिशोर को अगवा तो नहीं कर लिया है। परिजनों ने पुलिस से रामकिशोर का पता लगाकर उसे सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर रामकिशोर की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक रामकिशोर के लापता होने के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। वही सरपंच के बेटे के इस तरह से अचानक लापता होने से गांव के लोग भी हैरान हैं और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।