पीएचई विभाग के कर्मचारी के हाथ से गफलत में चली बंदूक, अफरा-तफरी का बना माहौलपास खड़े साथी कर्मचारी के पैर में लगी, मेडिकल कॉलेज से किया ग्वालियर रैफरपुलिस ने किया केस दर्ज
पीएचई विभाग के कर्मचारी के हाथ से गफलत में चली बंदूक, अफरा-तफरी का बना माहौल
पास खड़े साथी कर्मचारी के पैर में लगी, मेडिकल कॉलेज से किया ग्वालियर रैफर
पुलिस ने किया केस दर्ज
शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना अंतर्गत पानी की टंकी के नीचे पीएचई कार्यालय में मंगलवार की दोपहर एक कर्मचारी के हाथों से उसके भतीजे की नई लाइसेंसी बंदूक से गलती से गोली चल गई। गोली पास खड़े साथी कर्मचारी के पैर में लगी। घायल कर्मचारी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रैफर किया गया है। इधर घटना के बाद गोली चलाने वाला कर्मचारी अपने भतीजे के साथ खुद पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने कर्मचारी के खिलाफ हवाई फायर का केस दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कमलागंज सुभाष कॉलोनी के पास रहने वाले चंद्रभान सिंह राजपूत पीएचई विभाग में कर्मचारी है। उनके भतीजे भूपेन्द्र राजपूत ने अभी कुछ दिन पूर्व एक नई ३१५ बोर की रायफल ली है। उस रायफल की थाने में इंट्री कराने के लिए भूपेन्द्र बंदूक व लाइसेंस लेकर थाने जा रहा था। उससे पूर्व वह अपने चाचा चंद्रभान राजपूत जो कि पीएचई कार्यालय में पदस्थ है, वहां पर पहुंच गया। भतीजा बंदूक की मिठाई लेने के लिए चला गया और बंदूक में दो राउंड लगे हुए थे। एक राउंड तो चंद्रभान ने बंदूक में से निकाल लिया, लेकिन दूसरा राउंड निकालना भूल गया। बंदूक को अनलोड करने के फेर में जैसे ही बंदूक का ट्रिगर दबाया तो गोली चल गई और पास खड़े साथी कर्मचारी आशीष सोलकिया निवासी विवेकानंद कॉलोनी के पैर में जा लगी। गोली चलते ही कार्यालय पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। आनन-फानन में अन्य कर्मचारी घायल आशीष को लेकर मेडिकल कॉलेज चले गए। इधर गलती से गोली चलाने वाला कर्मचारी चंद्रभान बंदूक व भतीजे को लेकर फिजिकल थाने पहुंचा और पूरी घटना पुलिस को बताई। पुलिस ने दोनो को थाने पर बिठा लिया और घायल की हालत जानने के लिए पुलिस मेडिकल कॉलेज रवाना हो गई। अपने बयानों में घायल आशीष ने बताया कि उनका चंद्रभान से कोई विवाद नही है, गलती से गोली चलने के कारण वह घायल हुआ है। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में आशीष की शिकायत पर चंद्रभान के खिलाफ हवाई फायर करने का केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि बयानो के बाद अन्य दूसरे पर भी कार्रवाई हो सकती है।
यह बोले जिम्मेंदार
-पीएचई कार्यालय पर एक कर्मचारी से गलती से गोली चल गई। घायल ने भी गलती से गोली चलना बयानो में बताया है। हमने केस दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रजनी सिंह चौहान, थाना प्रभारी, फिजिकल।