
Shivpuri BJP MLA Devendra Jain: मध्यप्रदेश के शिवपुरी में 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर गुरुवार को ओबीसी महासभा ने बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन और एक प्रदर्शनकारी युवक के बीच तीखी बहस भी हुई और इस दौरान भाजपा विधायक के पूछने पर युवक ने उन्हें गधा तक कह दिया। इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद किया है जो तेजी से वायरल हो रहा है।
ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान विधायक देवेन्द्र जैन कलेक्टर कार्यालय पर लोगों से मिलकर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान ओबीसी महासभा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भंवर सिंह धाकड़ की विधायक से उस वक्त तीखी बहस हो गई जब भंवर सिंह ने विधायक देवेन्द्र जैन से कहा कि मैं ग्रेजुएट हूं और पढ़ा लिखा हूं, इस पर विधायक ने धाकड़ से कहा कि तो क्या मैं गधा हूं। इस पर धाकड़ ने तुरंत जवाब देते हुए कहा- हां आप गधे हो, मैं ग्रेजुएट हूं। दोनों के बीच हुई इस जुबानी जंग को वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद जिले की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ओबीसी संगठनों ने विधायक के रवैये पर नाराजगी जताई है। वहीं प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि वे लंबे समय से आरक्षण की मांग कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।
मध्य प्रदेश में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर गुरुवार को शिवपुरी में बड़ा प्रदर्शन हुआ। ओबीसी महासभा के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। दोपहर में जब ज्ञापन लेने एडीएम पहुंचे तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें ज्ञापन देने से साफ इनकार कर दिया। कार्यकर्ता कलेक्टर को ही ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़ गए। इसको लेकर करीब एक घंटे तक कलेक्ट्रेट परिसर में हंगामा व धरना चलता रहा। बाद में प्रशासन को झुकना पड़ा। प्रदर्शन में पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह भी शामिल हुए। उन्होंने मंच से भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि भाजपा अच्छे कामों का श्रेय खुद ले लेती है और गलतियों का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ देती है। उन्होंने ओबीसी आरक्षण को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए न्यायपालिका को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि ओबीसी वर्ग को उसका हक मिलना चाहिए।