
शिवपुरी. पिछोर। आबकारी विभाग की टीम ने पिछोर क्षेत्र के ग्राम देवगढ़ में अवैध देशी शराब की फैक्ट्री पर छापा मारकर वहां से ढाई लाख रूपए की अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम देवगढ़ निवासी प्रहलाद सिंह चौहान उर्फ बल्लू अपने मकान में अवैध रूप से देशी शराब बनाने की फैक्ट्री चला रहा था। इस बात की जानकारी मुखबिर द्वारा जिला आबकारी अधिकारी वंदना पांडेय को दी गई तो उन्होंने सहायक जिला आबकारी अधिकारी महेश गौड़ के नेतृत्व में पिछोर वृत्त प्रभारी अनिरूद्ध खानवलकर, शिवपुरी वृत्त प्रभारी संदीप कुमार लोहानी, करैरा वृत्त प्रभारी अशोक शर्मा को मय दल बल के ग्राम देवगढ़ रवाना किया। टीम ने अवैध शराब की फैक्ट्री पर औचक छापामार कार्रवाई की तो प्रहलाद सिंह चौहान के मकान से प्लास्टिक की 4 कट्टीयों में 35-35 लीटर कुल 140 लीटर ओपी, प्लास्टिक के 1 ड्रम में लगभग 200 लीटर प्लेन देशी मदिरा, गत्ते की एक पेटी में 50 नग पाव देशी प्लेन मदिरा भरे बरामद हुए, इसके अलावा प्लास्टिक के दो बोरों में खाली बारदाना प्लास्टिक के पाव संख्या 1000 नग, प्लास्टिक की पांच थैलियों में 3500 नग ढक्कननए मदिरा लेबल, 25 पत्तों में कुल 525 नग स्टीकर लेबल, 72 नग गत्ते के खाली डब्बे, एक लीटर एल्युमिनियम का 1 माप, एक टिन की कीप, एक छन्नी बरामद हुई। वहीं आबकारी टीम ने आरोपी प्रहलाद सिंह चौहान उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण कायम किया है।
जब्त की गई मदिरा व ओपी का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग २ लाख ५१ हजार ६०० रुपए बताया जा रहा है। इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षक यदुवीर जादौन, रमेश दांगी, राजेन्द्र कौरव, अखयराज, मोहनलाल, आबकारी आरक्षक जगदीश, भूपसिंह, सैनिक अनिल चौहान, अशोक शर्मा, प्रकाश प्रजापति, माखन आदिवासी शामिल रहे। बताया जाता है कि यह गांव पिछोर विधायक केपी सिंह के गांव करारखेड़ा के नजदीक ही स्थित है और यहां पूर्व में भी गांजे की फसल व अवैध शराब का जखीरा पकड़ा जा चुका है।
10 हजार रुपए की अवैध शराब जब्त
शिवपुरी. जिले की बामौरकलां थाना पुलिस ने एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम नदावन के पास से प्रतिपाल पुत्र बुन्देल सिंह यादव निवासी ग्राम नदावन के कब्जे से 70 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब कीमत 10500 रुपए जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।