शिवपुरी

समय पर नहीं मिला इलाज, कुपोषित बच्ची की मौत

सीडीपीओ बोले, हमारी जिम्मेदारी सिर्फ भर्ती कराने तक  
2 min read
• •
Updated: 30 May 2018, 6:58 PM IST
Malnutrition, cure, cdpo, hospital, death,  shivpuri news, shivpuri news in hindi, mp news
समय पर नहीं मिला इलाज, कुपोषित बच्ची की मौत

शिवपुरी/पिछोर. ग्राम गडोईया के मजरा चरखऊ में एक कुपोषित बच्ची को समय पर इलाज न मिल पाने के कारण उसकी मौत हो गई। वहीं इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि हमारी जिम्मेदारी तो उसे अस्पताल में भर्ती कराने की थी, जो हमने कर दिया था।
जानकारी के अनुसार ग्राम गड़ोइया के मजरा चरखऊ निवासी प्रहलाद आदिवासी की ११ माह की कुपोषित बेटी माधुरी पिछले कई दिनों से बीमार थी, परंतु महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मेदारों ने उसे समय पर अस्पताल में भर्ती नहीं कराया, जिससे उसका मर्ज बढ़ता चला गया और वह मरणासन्न अवस्था मे जा पहुंची। इसके बाद महिला एवं बाल विकास के लोगों की तंद्रा टूटी और16 मई को उसे खांसी, बुखार के चलते एनआरसी पिछोर में भर्ती कराया गया, जहां २८ मई तक उसका इलाज चला परंतु उसकी हालत सुधरने की बजाय और गिरती चली गई तो डॉक्टर ने उसे शिवपुरी रैफर कर दिया। इलाज के लिए शिवपुरी लाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विजय राजा चौहान सहित अमले अधिकारियों की लापरवाही के कारण अभी भी गांव में दो बच्चियां मौत के मुहाने पर बैठी होने के बाबजूद इलाज के लिए अस्पताल नहीं आ पा रही हैं। माधुरी की मौत के संबंध में जब सीडीपीओ अरविंद तिवारी से बात की गई तो उनका कहना था कि हमारी जिम्मेदारी तो बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराने तक की है। आगे स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है।
बच्ची की मौत का मामला मेरी जानकारी में है परंतु क्या करें, इस स्थिति के लिए कहीं न कहीं यही जिम्मेदार हैं। यह बच्ची को लेकर पलायन कर गए थे, दो और बच्चे कुपोषित हैं वह भर्ती ही नहीं हो रहे, हम क्या करें?
मुस्कान जैन, सुपरवाइजर

बच्ची को जब एनआरसी लाया गया था वह कुपोषित होने के साथ साथ गंभीर रूप से बीमार थी। यही कारण है कि वह रिकवर नहीं कर पाई और उसकी मौत हो गई। उसे समय पर इलाज मिलता तो यह हालात नहीं बनते।
डॉ एसके वर्मा , एनआरसी प्रभारी

Published on: