Pritam lodhi- विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र पर कार्रवाई, कोर्ट में चालान पेश करेगी पुलिस
Pritam lodhi- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में विधायक प्रीतम लोधी का पुत्र दिनेश लोधी फिर रंगदारी दिखाने में जुट गया है। उस पर पहले से ही कई पुलिस केस दर्ज हैं। दिनेश लोधी उस वक्त फिर सुर्खियों में आ गया जब गुरुवार को उसने अपनी थार गाड़ी से करैरा में कहर मचा दिया। उसने रोड से गुजर रहे पांच राहगीरों को सरेआम टक्कर मार दी थी। घायलों की शिकायत पर पुलिस ने बमुश्किल मामला दर्ज किया। घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार के मुताबिक गाड़ी विधायक पुत्र दिनेश लोधी चला रहा था। अब चौतरफा दबाव के बाद पुलिस ने दिनेश लोधी की थार को जब्त कर लिया है।
प्रीतम लोधी पिछोर से भाजपा के विधायक हैं। उनके पुत्र दिनेश लोधी ने करैरा में उत्पात मचाया था। अपनी तेज रफ्तार थार गाड़ी से टक्कर मारकर पांच लोगों को घायल कर दिया था। घायलों में बाइक सवार तीन मजदूर और पैदल जा रही दो महिलाएं शामिल हैं। मामले में विधायक पुत्र दिनेश लोधी का वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें वह घायलों से पूछ रहा है कि-सायरन और हॉर्न बजाया था, फिर भी वे क्यों नहीं हटे?
दतिया जिले के ग्राम संहेड़ा निवासी संजय परिहार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार 16 अप्रेल की सुबह करीब 7:30 बजे यह वारदात हुई। वह आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ बाइक से थनरा गांव जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं। इसी दौरान काले रंग की थार रॉक्स कार ने पीछे से आकर पहले हमारी बाइक को टक्कर मारी और फिर पैदल चल रही दोनों महिलाओं को भी चपेट में ले लिया। हादसे में पांचों लोगों को चोटें आई हैं।
पुलिस ने दबाव के बाद दिनेश लोधी पर केस दर्ज किया। शुक्रवार को उसकी कार भी जब्त कर ली। विधायक पुत्र दिनेश लोधी ने अपनी इसी थार कार से गुरुवार की सुबह रंगदारी दिखाते हुए पांचों राहगीरों को टक्कर मारी थी।
एसडीओपी आयुष जाखड़ ने बताया कि विधायक पुत्र दिनेश लोधी की बिना नंबर वाली गाड़ी से हूटर भी जब्त किया गया है। इस मामले में पुलिस जल्द ही कोर्ट में चालान पेश कर कार्रवाई करेगी।
गौरतलब है कि विधायक प्रीतम लोधी का पुत्र दिनेश लोधी पहले भी विवादों में रहा है। उसपर कई केस भी दर्ज हैं। 2023 में विधानसभा चुनाव में पिता प्रीतम लोधी के जीतते ही दिनेश लोधी ने सिकंदर यादव को मोबाइल कर धमकाया था। पुरानी छावनी थाने में इस केस में उसपर एफआईआर भी दर्ज की गई थी। 2024 में ग्वालियर में दिनेश लोधी पर अपनी स्कॉर्पियो से पड़ोसियों को कुचलने की कोशिश करने के आरोप में भी उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। कुछ महीने पहले ही भू केवट समाज ने उस पर 8 लाख रुपए की मछलियां चोरी करने का आरोप लगाया था।