शिवपुरी

एमपी में खेत देखकर उड़े पुलिस के होश, लहलहा रही थी 61 लाख की ‘गांजे की फसल’

mp news: पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कमलेश्वर मंदिर से कुछ दूरी पर जंगल के रास्ते में एक खेत में गांजे की खेती होती हुई मिली।
2 min read
• •
Feb 14, 2025
Ganja crop
Ganja crop

mp news: एमपी में शिवपुरी जिले की पिछोर थाना पुलिस ने बीते रोज करारखेड़ा के उमरगढ़ा में दबिश देकर खेतो में लगा 613 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों पर मामला दर्ज कर एक को पकड़ लिया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 61 लाख 39 हजार रुपए बताई गई है।

सभी आरोपियों पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। टीआइ जितेन्द्र मावई ने बताया, बीते रोज सूचना मिली थी कि ग्राम करारखेड़ा के मजरा उमरगढ़ा में कुछ लोग खेतों में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहे हैं।

217.05 किलो गांजा बरामद

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कमलेश्वर मंदिर से कुछ दूरी पर जंगल के रास्ते में एक खेत में गांजे की खेती होती हुई मिली। खेत में मौजूद युवक को जब रोका तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा, पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सीताराम लोधी निवासी उमरगढ़ा बताया और उसने 10 विस्बा खेत में गांजे के पौधे लगा रखे थे। सीताराम के खेत में से पुलिस ने 217.05 किलो गांजा बरामद किया।

इसके बाद पास वाले खेतों से भी पुलिस ने 212.05 किलो व एक अन्य खेत से 184.07 किलो गांजा जब्त किया है। तीनों स्थानों से जब्त किया गया कुल गांजा 613.09 किलो है और इसकी बाजार में कीमत 61 लाख 39 हजार रुपए है। पुलिस ने तीनों स्थानों पर गांजे की खेती करने के आरोप में सीताराम पुत्र देशराज लोधी, बृजेश पुत्र देशराज लोधी व रामनिवास पुत्र सुखलाल आदिवासी निवासी करारखेड़ा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।


तीन लोगों पर कार्रवाई

सटीक सूचना पर करारखेड़ा के उमरगढ़ा में तीन अलग-अलग खेतो से कुल 613.09 किलो गांजा पकड़ा है जो कि 61 लाख रुपए से अधिक का है। तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा जहां भी गांजे के खेती होने की सूचना मिलेगी, वहां पर इसी तरह से कार्रवाई की जाएगी।- जितेन्द्र मावई, थाना प्रभारी पिछोर

Updated on:
14 Feb 2025 03:20 pm
Published on:
14 Feb 2025 03:20 pm