शिवपुरी

किशोर का अपहरण कर मांगी 20 लाख की फिरौती

पुलिस ने दबोचे दो अपहरणकर्ता, मुक्त हुआ अपहृत
2 min read
Jul 22, 2018
Juvenile, kidnapping, ransom, kidnapper, police, action,   shivpuri news, shivpuri news in hindi, mp news
किशोर का अपहरण कर मांगी 20 लाख की फिरौती


शिवपुरी. जिले के दिनारा कस्बे में रहने वाला एक 17 वर्षीय किशोर का अपहरण कर 20 लाख रुपए फिरौती मांगने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके चंगुल से किशोर से मुक्त करा लिया है।
पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी राजेश हिंगणकर ने बताया कि दिनारा निवासी एक किशोर 18 जुलाई की सुबह 9.30 बजे अपने मामा भगवान सिंह पाल की दुकान पृथ्वी होटल करैरा पर जाने की कहकर गया और फिर वापस नहीं लौटा। राजू के वापस न आने पर 21 जुलाई को उसके पिता चंद्रभान पाल ने पुलिस को सूचना दी। क्योंकि उनके मोबाइल पर 20 लाख रुपए की फिरौती देने का मैसेज एक अनजान नंबर से आया था। इसके बाद 18 जुलाई की रात 12 बजे करैरा एसडीओपी बीपी तिवारी ने मामले की जानकारी एसपी को दी तो उन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी दिनारा संतोष सिंह यादव एवं सुरवाया थाना प्रभारी रविंद्र सिंह सिकरवार को टीम बनाकर अपहृत की तलाश के निर्देश दिए। इस दौरान मैसेजकर्ता व राजू के पिता के बीच फोन पर मैसेज से चर्चा होती रही।
इस बीच पुलिस ने लोकेशन ट्रेस करके जब जानकारी ली तो पता चला कि ग्राम दबरा के जंगल में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के होने की जानकारी मिली। तत्काल पुलिस टीम ने दबरा के जंगल पहुंचकर घेराबंदी की तो दो युवक राजू को रस्सी से हाथ-पैर बांधकर डाले हुए नजर आए, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए युवकों में एक नाबालिग है, जो दतिया का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी पुनीत अहिरवार निवासी रक्सा झांसी है। पुनीत के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का लोडेड कट्टा व चार जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने अपहृत को मुक्त कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द करने के साथ ही आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

यह दिया था धमकी भरा मैसेज
राजू के पिता चंद्रभान पाल के मोबाइल पर जो धमकी भरा मैसेज आया, उसमें लिखा था कि- कल दस बजे तक मेरे पास 20 लाख रुपए आ जाने चाहिए, बरना अपने बेटे को खो देगा। अगर पुलिस को इनफोरमेशन दी तो मैं बच्चे को जान से मार दूंगा। और सुन अकेले आना और जगह हम बताएंगे, और याद रखना कल दस बजे तक।

Published on:
22 Jul 2018 10:22 pm