
Shivpuri New District Announcement: मध्यप्रदेश में 2027 में एक और नया जिला बन सकता है, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को शिवपुरी के पिछोर में खुद इस बात की जानकारी दी। सीएम मोहन यादव ने पिछोर को जिला बनाने की मांग पर मंच से कहा कि वो खुद 2027 में पिछोर को जिला बनाने की अनुशंसा करेंगे। पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव ने प्रदेश की लाड़ली बहनों को नवंबर महीने की लाड़ली बहना योजना की किस्त की सौगात भी दी और सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में 1500-1500 रुपये ट्रांसफर किए।
सीएम मोहन यादव के द्वारा पिछोर को जिला बनाने की अनुशंसा किए जाने के इस ऐलान के बाद इस बात की संभावनाएं बढ़ गई हैं कि पिछोर एमपी का 56वां जिला बन सकता है। वर्तमान में मध्यप्रदेश में जिलों की संख्या 55 है। बता दें कि इससे पहले मैहर, मऊगंज, निवाड़ी और पांढुर्ना भी मध्यप्रदेश में नए जिले बन चुके हैं। इसके साथ ही नागौदा और चाचौड़ा को भी जिला बनाने की घोषणा पूर्व में हो चुकी है।
दिलचस्प बात ये है कि पिछोर को जिला बनाने की मांग कई साल से उठ रही है, करीब तीन साल पहले मुख्यमंत्री रहते हुए शिवराज सिंह चौहान ने भी ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में पिछोर को जिला बनाने का ऐलान किया था। हालांकि पिछोर जिला नहीं बन पाया और अब एक बार फिर सीएम मोहन यादव ने पिछोर में मंच से ज्योतिरादित्य सिंधिया की ही मौजूदगी में पिछोर को जिला बनाने का ऐलान शुक्रवार किया है।
शिवपुरी के पिछोर में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त को भी ट्रांसफर किया। योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से सीएम ने 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। साथ ही, इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट का बटन दबाकर स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपये के ऋण का अंतरण भी किया।