mp news: कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा विधायक महेन्द्र यादव को चरस तस्करी में पार्टनर बताया है...।
mp news: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पोहरी सीट से विधायक कैलाश कुशवाह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेस कर शिवपुरी जिले की कोलारस सीट से विधायक महेन्द्र यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस विधायक का आरोप है कि भाजपा विधायक चरस तस्करी में पार्टनर हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले देहात थाना पुलिस ने 30 किलो चरस के साथ आरोपी को पकड़ा था वो भाजपा विधायक महेन्द्र यादव का करीबी है। कांग्रेस विधायक के इस आरोप के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है।
कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने आरोप लगाते हुए कहा है कि जिले में नशे का कारोबार जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में चल रहा है। उन्होंने नाम लेते हुए कहा कि पुलिस ने चरस के मामले में जो आरोपी संदीप सिख को पकड़ा है वह कोलारस विधायक महेन्द्र यादव का नजदीकी है और विधायक का उस आरोपी पर संरक्षण है। वह नशे के कारोबार में उसके पार्टनर हैं। इस पूरे मामले में जब कोलारस विधायक महेन्द्र यादव को कॉल किया गया तो उनका मोबाइल बंद मिला।
पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे कहा कि शनिवार को नरवर में हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उनकी अनदेखी की गई। उन्होंने बताया कि उनको मंच से बोलने के लिए 5 मिनिट भी नहीं दिए गए। जबकि पूरा कार्यक्रम उनकी विधानसभा क्षेत्र में था। उन्होंने कार्यक्रम में खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित कलेक्टर रविन्द्र चौधरी से मंच पर से 5 मिनिट बोलने के लिए निवेदन किया था, इसके बाद भी उनको मंच से बोलने नहीं दिया गया। इससे अकेला उनका नहीं बल्कि पोहरी विधानसभा क्षेत्र की जनता का अपमान हुआ है।