शिवपुरी

MP में MLA के बेटे की थार का कहर! 5 लोगों को मारी टक्कर, बोला- ‘हटे क्यों नहीं?’

MLA Pritam Lodhi: मध्य प्रदेश में विधायक प्रीतम लोधी के बेटे ने अपनी कार से लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वायरल वीडियो में विधायक पुत्र ने कहा- हॉर्न बजाने पर भी क्यों नहीं हटे?

2 min read
Apr 16, 2026
mp news MLA Pritam Lodhi Son Hits people with his car on road 5 Injured
MLA Pritam Lodhi Son Hits people with his car on road 5 Injured (फोटो-Patrika.com)

mp news: मध्य प्रदेश के शिवपुरी से बड़ा मामला सामने आया है। नगर के करैरा थाना क्षेत्र गुरुवार सुबह तेज रफ्तार थार गाड़ी की टक्कर से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में बाइक सवार तीन मजदूर और पैदल जा रही दो महिलाएं शामिल हैं। पूछताछ करने पर पता चला कि कार पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी चला रहे थे। मामले में विधायक पुत्र का वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में वह घायलों से पूछते नजर आ रहे है कि-सायरन और हॉर्न बजाया था, फिर भी वे क्यों नहीं हटे? पुलिस ने विधायक पुत्र दिनेश पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

राह चलती महिलाओं और बाइक को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार दतिया जिले के ग्राम संहेड़ा निवासी संजय परिहार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 अप्रेल की सुबह करीब 7:30 बजे वह आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ बाइक से मजदूरी के लिए थनरा गांव जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं। इसी दौरान थाने के सामने पीछे से आई काले रंग की थार रॉक्स कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर पैदल चल रही दोनों महिलाओं को भी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद सभी पांचों लोग सडक़ पर गिरकर घायल हो गए। संजय, आशीष और अंशुल को हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं। वहीं सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में चोट लगी हैं।

उल्टा घायलों से किया सवाल, पूछा- बाइक लहराकर क्यों चला रहे थे

घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार ने बताया कि गाड़ी विधायक पुत्र दिनेश लोधी चला रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि गाड़ी पर आगे प्रीतम लोधी और पीछे एमएलए लिखा हुआ था। घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विधायक पुत्र दिनेश लोधी घायलों से यह कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने सायरन और हॉर्न बजाया था, फिर भी वे क्यों नहीं हटे। उन्होंने बाइक सवारों से यह भी पूछा कि वे तीन सवारियों को बैठाकर बाइक लहराकर क्यों चला रहे थे।

बताया जा रहा है कि विधायक पुत्र दिनेश लोधी इन दिनों करैरा विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ाने के लिए रुके हुए हैं। घटना के समय वह सुबह जिम जाने के लिए घर से निकले थे। पुलिस ने इस मामले में विधायक पुत्र लोधी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह बोले विधायक

जनता और परिवार के बीच की बात आएगी तो जनता मेरे लिए प्रथम है। जनता के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होगा। अगर मेरा बेटा दोषी है, तो जांच के बाद उस पर कार्रवाई होगी। इस मामले में इससे ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा। - प्रीतम लोधी, विधायक, पिछोर

Published on:
16 Apr 2026 06:38 pm