
शिवपुरी। भीषण गर्मी में पानी को लेकर हर जगह मरा मारी मची हुई है। ऐसे में मुख्यालय से 34 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सालोन के आदिवासी टपरा में रहने वाले आदिवासी परिवार पहाड़ों के किनारों को खोदकर, उनके गड्ढों से पानी भरकर अपना जीवन यापन करने को मजबूर हैं। गांव में चार हैंडपंप खराब हैं तथा कुएं भी सूखे पड़े हैं। ग्राम सालोन की आदिवासी बस्ती में 1200 की आबादी निवास करती है।
इन परिवारों के लिए पानी की कोई सुविधा नहीं है, जिसके चलते गांव की महिलाएं व बच्चे सात किमी दूर पहाड़ी के किनारों पर खाली बर्तन लेकर जाते हैं। पहाड़ों के किनारों पर इन परिवारों ने गड्ढे खोद लिए हैं, जिनमें से वे छोटे बर्तन के सहारे कट्टियां भरते हैं। इन गड्ढों में भरने वाले पानी से ही उन परिवारों की पानी की आपूर्ति हो पाती है। चूंकि एक गड्ढे में जितना पानी आता है, वो उस परिवार के लिए गुजर-बसर के लायक हो पाएगा या नहीं यह तो मिलने वाले पानी की मात्रा पर निर्भर रहता है। इस गांव में चार हैंडपंप हैं, जो खराब पड़े हैं तथा कुएं भी सूख चुके हैं।
कूनो के किनारे पहाड़ों से रिसता है पानी
यह आदिवासी परिवार जिस पहाड़ी के किनारों पर गड्ढे खोदकर पानी भरते हैं, उन पहाड़ों के दूसरी ओर से कूनो नदी बहती है। हालांकि गर्मियों में नदी सूख जाती है, लेकिन बरसात के दिनों में जो पानी पहाडिय़ों में समाता है, वह किनारों पर गड्ढे खोदने से रिसकर आ जाता है। भीषण गर्मी के बीच इन आदिवासियों के लिए पानी का यही एकमात्र सहारा है।
गड्ढे खोदकर कर रहे हैं पानी की आपूर्ति
गांव की सरपंच मुसाब सिंह गुर्जर का कहना है कि यह बात सही है कि बस्ती के हैंडपंप में पानी कम होने से उन्होंने पानी देना बंद कर दिया। कुएं भी सूख गए हैं, इसलिए पहाड़ी के किनारों पर गड्ढे खोदकर ही यह पानी की आपूर्ति कर रहे हैं। अब तो बरसात का इंतजार है, ताकि उनकी पानी की समस्या दूर हो सके।