MP NEWS: मृत महिला के शरीर में हलचल होने पर परिजन तुरंत CPR देकर एंबुलेंस से उसे अस्पताल ले गए...।
MP NEWS: मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सभी को चौंका दिया। दरअसल यहां एक श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए जैसे ही महिला को चिता पर लिटाया गया तो उसके शरीर में हलचल होने लगी। हलचल होते देख परिजन हैरान रह गए और तुरंत चिता से महिला को उठाकर नीचे रखा और सीपीआर दिया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
शिवपुरी शहर की रहने वाली अनीता श्रीवास्तव को टाइफाइड हो गया था जिसके कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को इलाज के दौरान अनीता की अस्पताल में मौत हो गई थी और इसके बाद उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को शहर के मुक्तिधाम में किया जाना था। परिजन अनीता का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे और जैसे ही उन्होंने अनीता के शव को चिता पर लिटाया तो देखा कि हाथ और पैर में हलचल हो रही है। शरीर में हलचल होती देख तुरंत चिता से हटाकर परिजन ने अनीता को सीपीआर दिया और एंबुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंचे।
शरीर में हुई हलचल देख परिजन को लगा कि शायद अनीता जिंदा है इसलिए वो उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने चैकअप कर अनीता को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद एक बार फिर परिजन शव को लेकर श्मशान घाट पहुंचे और अनीता का अंतिम संस्कार किया।