
lawyer shot dead on way to court
mp news: मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एक वकील की गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। वकील रोजाना की तरह अपनी बाइक से कोर्ट जा रहे थे तभी रास्ते में घात लगाए बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी। दिनदहाड़े सरेराह गोलियां चलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।
शिवपुरी जिले के करैरा में शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिनदहाड़े सरेराह वकील संजय कुमार सक्सेना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घिरियाली मोहल्ला पुराना बाजार में रहने वाले संजय कुमार अपनी बाइक से कोर्ट जा रहे थे तभी रास्ते में किले के पीछे आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए। रास्ते से गुजर रहे एक अन्य वकील ने जब खून से लथपथ हालत में पड़े संजय कुमार को देखा तो तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में वकील संजय कुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक संजय कुमार सक्सेना के परिजन के मुताबिक जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। परिजन ने 4 लोगों पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है उससे आशंका है कि पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम दिया गया है।
Updated on:
14 Feb 2026 04:11 pm
Published on:
14 Feb 2026 04:11 pm
