बरामदे में सो रहे किसान की बदमाशों ने हत्या कर दी। बेटे को पकड़ लिया। बहू डर से बेड के नीचे छिप गई। अब उसी वारदात के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हो गए हैं। जानिए 16 फरवरी के रात का वो दर्दनाक मंजर…
श्रावस्ती जिले में किसान नेमराज पाठक की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई। जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र में 16 फरवरी को हुई किसान नेमराज पाठक की हत्या और लूट की घटना में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस के अनुसार, टीम को मुखबिर के जरिए संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। और भागने की कोशिश करने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से गन्नू लोनिया के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार दूसरा आरोपी ओमप्रकाश वर्मा है। जो बहराइच जिले के रिसिया थाना क्षेत्र के लखनऊवा कोठरा गांव का रहने वाला है। दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना में शामिल अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
बताया गया कि 16 फरवरी की रात हरदत्त नगर गिरन्ट क्षेत्र के भजोरेपुरवा गांव में चार बदमाशों ने किसान नेमराज पाठक के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। उस समय नेमराज घर के बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनका बेटा सुनील और बहू लक्ष्मी कमरे के अंदर थे। आहट होने पर नेमराज जाग गए और बदमाशों का विरोध किया। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी।
घटना के समय बेटे सुनील को बदमाशों ने पकड़ लिया। जबकि बहू लक्ष्मी डर के कारण बेड के नीचे छिप गईं। बदमाश घर से करीब दो हजार रुपये नकद और कुछ जेवर लेकर फरार हो गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, नेमराज पाठक अपने छोटे बेटे और बहू के साथ गांव के बाहर बने घर में रहते थे। और करीब छह बीघा जमीन पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।