
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI
श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया। जब खेलते-खेलते सड़क पर पहुंचे तीन वर्षीय मासूम की एंबुलेंस की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शादी की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र स्थित बीरंगज बाजार में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे में तीन वर्षीय मासूम सैफुल्ला की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जबकि परिवार गहरे सदमे में डूबा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, बहराइच जिले के रिसिया थाना क्षेत्र के भक्तापुर गांव के रहने वाले मुनीम अहमद अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने बीरंगज बाजार पहुंचे थे। घर में शादी की रौनक थी। रिश्तेदार और मेहमान कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान छोटा सैफुल्ला अन्य बच्चों के साथ खेलते-खेलते घर के बाहर सड़क तक पहुंच गया।
परिजनों का आरोप है कि उसी समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने मासूम को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा होते ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग तुरंत बच्चे की ओर दौड़े। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मल्हीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस रास्ते पर हादसा हुआ। वहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर का मार्ग गुजरता है। इस कारण इलाके में एंबुलेंस और अन्य वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है। शादी समारोह होने की वजह से इलाके में भीड़ भी अधिक थी। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शादी वाले घर में जहां कुछ देर पहले तक गीत-संगीत और खुशियों का माहौल था। वहीं अब हर तरफ मातम पसरा है। गांव और रिश्तेदारी के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
Published on:
22 May 2026 10:36 am
बड़ी खबरें
View Allश्रावस्ती
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
