
पकड़ा गया आरोपी के साथ SSB टीम फोटो सोर्स SSB X अकाउंट
श्रावस्ती में एसएसबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्लभ प्रजाति के रेड सैंड बोआ सांप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी नेपाल सीमा से सटे जंगल क्षेत्र से सांप की तस्करी कर कैसरगंज ले जाने की फिराक में था। गुप्त सूचना पर हुई इस कार्रवाई में बरामद सांप को सुरक्षित कब्जे में लेकर आरोपी को वन विभाग के हवाले कर दिया गया।
श्रावस्ती जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एसएसबी और वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान टीम ने एक युवक को दुर्लभ रेड सैंड बोआ सांप के साथ पकड़ लिया। यह सांप वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजातियों में शामिल है। जानकारी के मुताबिक, 62वीं वाहिनी एसएसबी भिनगा की सुइया सीमा चौकी और वन विभाग की ककरदरी रेंज की टीम ने 14 मई 2026 को संयुक्त गश्त अभियान चलाया। यह अभियान ककरदरी वन क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 635/10 के पास भारतीय सीमा के भीतर चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट अमित शर्मा कर रहे थे।
गश्त के दौरान टीम को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पूछताछ और तलाशी में उसके पास से जीवित रेड सैंड बोआ सांप बरामद हुआ। पकड़े गए युवक की पहचान इरफान खान के रूप में हुई। जो बहराइच जिले के नानपारा थाना क्षेत्र के अमवा मौलवी गांव का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस दुर्लभ सांप को जंगल क्षेत्र से निकालकर कैसरगंज की ओर ले जा रहा था। अधिकारियों को आशंका है कि सांप की तस्करी बड़े नेटवर्क के जरिए की जा रही थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
बरामद रेड सैंड बोआ को सुरक्षित वन विभाग की निगरानी में रखा गया है। वहीं आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग की ककरदरी रेंज को सौंप दिया गया। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में वन्यजीव तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीवों की रक्षा करना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
Updated on:
14 May 2026 10:35 pm
Published on:
14 May 2026 10:30 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
