
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI
बहराइच जिले के कैसरगंज इलाके में सात साल के एक मासूम की हत्या से पूरे गांव में दहशत फैल गई। शादी समारोह में गया बच्चा रातभर घर नहीं लौटा तो परिवार उसे तलाशता रहा। बुधवार सुबह गांव के बाहर झाड़ियों में उसका गला कटा शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र के मंझारा तौकली गांव के दयाल पुरवा मजरे में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब गांव के बाहर झाड़ियों में एक सात वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ। बच्चे की पहचान गांव के रहने वाले लक्ष्मण निषाद के बेटे के रूप में हुई है। शव की हालत देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। क्योंकि मासूम का गला कटा हुआ था। परिजनों के मुताबिक बच्चा मंगलवार शाम पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात तक जब वह वापस घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग परेशान हो गए। मां-बाप और रिश्तेदारों ने रातभर गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह करीब छह बजे कुछ ग्रामीणों ने घर से करीब पांच सौ मीटर दूर झाड़ियों में बच्चे का शव पड़ा देखा। खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बेसुध हो जाती है। जबकि गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध दिखाई दिए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी कैसरगंज और स्थानीय थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Updated on:
13 May 2026 05:29 pm
Published on:
13 May 2026 05:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
