1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रात के सन्नाटे में टूटी एक जिंदगी: बहराइच में 50 वर्षीय व्यक्ति ने खुद को गोली मार ली, परिवार सदमे में

बहराइच में एक परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। जब 50 वर्षीय व्यक्ति ने देर रात खुद को गोली मार ली। अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं। पूरे गांव में मातम पसरा है।

2 min read
Google source verification

फाइल फोटो पत्रिका

बहराइच के देहात कोतवाली क्षेत्र के मछियाही गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। जहां 50 वर्षीय व्यक्ति ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। अचानक चली गोली की आवाज से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

बहराइच जिले के मछियाही गांव में गुरुवार देर रात एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय हर्षवर्धन चतुर्वेदी के रूप में हुई है। जो अपने परिवार के साथ घर में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे उन्होंने अपने कमरे में खुद को गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही घर के अन्य सदस्य घबरा गए। तुरंत कमरे की ओर दौड़े। वहां का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। हर्षवर्धन जमीन पर गिरे हुए थे। उनके सिर से खून बह रहा था। परिजनों ने बिना समय गंवाए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला आया सामने

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच कर रहे थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। परिजनों के अनुसार, हर्षवर्धन पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे। उन्हें शराब की लत भी थी। इसी कारण वे अक्सर तनाव में रहते थे। हालांकि, उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया। इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, गांव में दौड़ी शोक की लहर

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।