श्रावस्ती

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल श्रावस्ती संध्या संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से करेगी सीधा संवाद, मौके पर ही होगा समस्या का निस्तारण

श्रावस्ती में 8 मई को आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के नेतृत्व में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित होगा। कुछ चयनित ग्राम पंचायत में कैंप लगाकर आयुक्त ग्रामीणों से सीधा संवाद करेगी।

2 min read
देवीपाटन मंडल आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल फोटो सोर्स विभाग

गोण्डा देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशन में 8 मई को जनपद श्रावस्ती में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच और सरकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। दिनभर चलने वाले इस कार्यक्रम में जनसुनवाई, बैठक और स्थलीय निरीक्षण के साथ ग्रामीण संवाद भी शामिल रहेगा।

श्रावस्ती में प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से 8 मई को “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का नेतृत्व देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल करेंगी। जो पूरे दिन विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे जनसुनवाई से होगी। इस दौरान आयुक्त सीधे आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगी। मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश देंगी। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण उसी समय किया जा सके। ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके बाद कर्मचारियों, पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विभागीय मामलों और पेंशन संबंधी लंबित प्रकरणों पर चर्चा कर उनके निस्तारण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

आयुक्त निर्माणाधीन परियोजनाओं की परखेगी की हकीकत

दोपहर के समय आयुक्त जिले में चल रही विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और संबंधित अभिलेखों का गहन परीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ मौके पर उपस्थित रहें। ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

ग्राम पंचायत में आयोजित होगा संध्या संवाद कार्यक्रम

शाम को चयनित ग्राम पंचायत में “संध्या संवाद कार्यक्रम” का आयोजन होगा। इस दौरान आयुक्त ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगी। मौके पर ही समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगें। साथ ही गांव में विशेष शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य से प्रशासन गांव स्तर तक पहुंचकर संवाद और समाधान की प्रक्रिया को मजबूत बना रहा है।

Published on:
06 May 2026 04:19 pm
Also Read
View All