
सीधी. विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में भी अंतरकलह सामने आने लगा है। बहरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने उपेक्षा का आरोप लगाते हुए शनिवार को प्रदेश महामंत्री को ज्ञापन सौंपा। बताया कि डॉ. विनीत राही पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। संगठन के कार्य में इमानदारी से जुटे रहते हंै। कुछ दिन पहले बीमार पड़ गए थे। जिसके बाद उनका हाल-चाल लेने की बजाय संगठन के लोगों ने महामंत्री पद से हटाकर अशोक शुक्ला को नियुक्त कर दिया।
कहा, जिलाध्यक्ष लालचंद्र गुप्ता ने सिहावल से पार्टी के पूर्व विधायक विश्वामित्र पाठक के कहने पर यह निर्णय लिया है। डॉ. राही बाबरी विध्वंस मामले में कारसेवक रहे हैं। ज्ञापन में उन्होंने उल्लेख किया है कि एक सप्ताह के अंदर न्याय न न हुआ तो वे सामूहिक त्याग-पत्र सौंप देंगे।
ज्ञापन देने में बहरी मंडल के एक दर्जन कार्यकर्ता शामिल हैं। इसमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजमणि साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष दानवेंद्र शुक्ला, युवा मोर्चा पूर्व उपाध्यक्ष पुनीत सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष सुनील पाठक, उपाध्यक्ष राजेंद्रशेखर पांडेय, जिला कार्यकारणी सदस्य रमेश कुमार दीक्षित, मंडल महामंत्री महेश प्रजापति, मंत्री विपिन बिहारी पांडेय, बहरी मंडल मीडिया प्रभारी राजीव द्विवेदी, शैलेंद्र पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
पहले भी उठे थे बगावत के सुर
सिहावल क्षेत्र के पूर्व विधायक विश्वामित्र पाठक के प्रति कार्यकर्ताओं में असंतोष सामने आने लगा है। पहले भी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस से भाजपा की सदस्यता लेते ही उन्हें टिकट देने का विरोध किया था। विधानसभा चुनाव से पूर्व फिर से उन्होंने पार्टी से विधानसभा की टिकट पाने के लिए जोर आजमाश शुरू कर दी है। जिसे लेकर विरोध की चिंगारी भी उठने लग गई है।
कांग्र्रेसी फिर निकलेंगे न्याय यात्रा में
सीधी. महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस न्याय यात्रा का दूसरा चरण २९ मई से शुरू करेगी। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह चुरहट में इसकी अगुवाई करेंगे। उनके साथ पूर्व मंत्री व पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, सुंदरलाल तिवारी सहित विंध्य के अन्य कांग्रेस विधायक भी शामिल होंगे। यात्रा चारों विधानसभा क्षेत्र से होते हुए पूजा पार्क में संपन्न होगी।
ये है उद्देश्य
जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने कहा, राज्य में जब मंत्री की पुत्रवधू को न्याय नहीं मिल पाता तो अन्य महिलाओं की स्थित क्या होगी। सरकार को जवाब देना चाहिए। घटना को एक माह से ज्यादा का समय गुजर गया है और अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। बताया कि महिला अपराधों के प्रति जनजागृति लाने यात्रा पहले भी शुरू की गई थी। लेकिन संगठन में हुए बदलाव को लेकर इसे स्थगित कर दिया गया था। अब नवनिर्वाचित पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने इसे सहमति दे दी है।
यहां होगी सभाएं
बताया कि न्याययात्रा में नेताप्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व मंत्री इंद्रजीत कुमार, गुढ़ विधायक सुंदरलाल तिवारी के अलावा पार्टी के अन्य विधायक भी शामिल होंगे। न्याययात्रा की पहली सभा २९ मई को दोपहर १२ बजे चुरहट झदवादेवी मंदिर में होगी। इसी दिन दोपहर २ बजे गिजवार व ४ बजे जोगी पहाड़ी में सभा होगी। ३१ मई को दोपहर ३ बजे सिहावल विधानसभा में बहरी बस स्टैंड और शाम ५ बजे पूजा पार्क में सभा होगी।