Puttu vegetable: विटामिन डी, प्रोटीन फाइबर, सेलेनियम, पोटेशियम और एंटी बैक्टीरियल गुण से भरपूर ये सब्जी सिर्फ घने जंगली इलाकों में ही मिलती है।
Puttu Vegetable: आज हम आपको एक ऐसी सब्जी के बारे में बताने जा रहे हैं जो कि मशरूम से भी ज्यादा फायदे मंद होती है। सिर्फ बरसात के सीजन में मिलने वाली ये सब्जी रेट के मामले में मशरूम के साथ ही मटन और चिकन से भी महंगी होती है। मध्यप्रदेश के सीधी में काफी मुश्किल के बाद ये सब्जी घने जंगलों में मिलती है जिसके कारण इसकी कीमत भी काफी ज्यादा होती है। तो चलिए बताते हैं कि आखिर ये सब्जी कौन सी है और इसमें क्या क्या फायदे होते हैं और शहरों में ये किस दाम पर बिकती है?
इस सब्जी का नाम है पुटू..पुटू घने जंगलों में सिर्फ बरसात के दिनों में ही मिलती है। वैसे तो पुटू को मशरूम की ही एक प्रजाति माना जाता है लेकिन इसमें मशरूम से भी ज्यादा पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं। जिसके कारण इसके दाम भी काफी ज्यादा होते हैं। शहरो में पुटू की सब्जी 1200 से 1500 रूपए किलो तक बिकती है और जो लोग इसके बारे में जानते हैं वो इतने महंगे दाम पर भी इसे खरीदते और खाते हैं।
सीधी जिले के आदिवासी अंचल कुसमी व मझौली के जंगल में पूटू नाम की सब्जी बरसात के सीजन में पाई जाती है। जो जमीन के नीचे पाई जाती है, किंतु इस पौष्टिक सब्जी का प्रचार-प्रसार न हो पाने के कारण इसे बाजार नहीं मिल पा रहा है। जबकि यह आदिवासियों की आय का अतिरिक्त माध्यम बन सकता है। बताया जाता है कि पुटटू मशरूम प्रजाति की होती है, जो रेतीली जमीन में उमस व गर्जना के कारण निकलती है जिसे जमीन से खोद कर निकाला जाता है।
जानकार बताते हैं कि पुटू की सब्जी में काफी मात्रा में प्रोटीन होता है। इसे खाने से शरीर की इम्यूनिटी भी बढ़ती है। इसमें विटामिन डी, प्रोटीन फाइबर, सेलेनियम, पोटेशियम और एंटी बैक्टीरियल गुण होते हैं। वहीं अगर इसके स्वाद की बात की जाए तो पुटू सब्जी को बनाने के लिए मीट की तरह तैयारी की जाती है और इसे खाने वाले लोगों का कहना है कि इसका स्वाद मीट से कम नहीं होता है।