सीधी

सीधी में धर्मांतरण को लेकर विवाद, बजरंग दल कार्यकर्ताओं से मारपीट

Religious Conversion Dispute: रविवार दोपहर धर्मांतरण को लेकर हुआ विवाद, MPEB कॉलोनी के पीछे एक निजी घर में हो रही थी प्रार्थना सभा ।
2 min read
• •
Oct 11, 2026
religious conversion dispute bajrang dal workers assaulted
religious conversion dispute bajrang dal workers assaulted, मौके पर होता विवाद व लोगों की भीड़ (Source-Patrika)

Sidhi Religious Conversion Dispute: मध्यप्रदेश के सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर विवाद हो गया। धर्मांतरण की सूचना मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे, यहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया मारपीट हो गई। मारपीट में तीन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि एक निजी घर में करीब 250-300 लोग जमा हुए थे और वहां पर प्रार्थना की जा रही थी।

निजी घर में धर्मांतरण का आरोप

जमोड़ी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर को MPEB कॉलोनी के पीछे एक निजी घर में धर्मांतरण और प्रार्थना किए जाने की सूचना विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल को लगी थी। इस सूचना पर जब दोनों संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंचे। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष गणेश सिंह परिहार ने बताया कि धर्मांतरण की सूचना मिलने पर पहुंचे तो निजी मकान से बड़ी संख्या में लोग निकल रहे थे। तभी कुछ लोगों जिनमें महिलाएं शामिल थीं उनने मारपीट शुरू कर दी। खासकर नीलम दीक्षित और उसकी मां ने लाठी, पत्थर से मारपीट की है। मारपीट में बजरंग दल के तीन कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।

जिला अस्पताल में पदस्थ स्टाफ नर्स पर आरोप

आरोप है कि जिस घर में धर्मांतरण किया जा रहा था वो जिला अस्पताल में पदस्थ नर्स नीलम दीक्षित की मां का है। नीलम दीक्षित की ड्यूटी जिला अस्पताल में थी लेकिन वो ड्यूटी पर न होकर घर में मौजूद थी और मारपीट की है। घटना के बाद सीएमएचओ अशोक खरे ने बताया कि इस तरह की जानकारी मिली है नीलम दीक्षित जिला अस्पताल में नर्स के पद पर पदस्थ हैं। उन पर आरोप है कि वो ड्यूटी के दौरान घर पर थीं, आरोपों की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले पर जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने फिलहाल विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार करते हुए बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। अभी जांच पूरी नहीं हुई है और पुलिस दोनों पक्षों के बीच स्थिति शांत कराने में जुटी है। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
11 Oct 2026 06:52 pm
Published on:
11 Oct 2026 06:31 pm