समाजवादी जागरुकता सम्मेलन में सपा सुप्रीमों ने जताई तीसरे विकल्प की दावेदारी
सीधी. यूपी के पूर्व सीएम व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इन दिनों मप्र की राजनीति में सक्रिय हैं। वे विंध्य के रास्ते पार्टी को विधानसभा पहुंचाना चाहते हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को सीधी जिले के सेमरिया कस्बे में समाजवादी जागरूकता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ भाजपा को बड़ा झटका देते हुए पूर्व विधायक केके सिंह भंवर को पार्टी की सदस्यता दिला दी। भंवर विंध्य की राजनीति में बड़ा नाम है। वे गोपद बनास (वर्तमान में सीधी) सीट से दो बार निर्दलीय विधायक बन चुके हैं। शुक्रवार को वे भाजपा को अलविदा कर सायकल पर सवार हो गए। उन्होंने अखिलेश से सपा की सदस्यता ग्रहण की। कहा, प्रजांतत्र समाप्त होने की कगार पर है। यदि हम नहीं चेते तो समाप्त हो जाएगा। प्रजातंत्र विकल्प देता है। किसी को चुनने के लिए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से समाजसेवी पीवी राजगोपाल, राजेंद्र सिंह, सपा प्रदेश अध्यक्ष गौरी यादव, गौरव दुबे, तलत खान, प्रदेश सचिव श्रवण विश्वकर्मा बबलू उपस्थित रहे।
योजनाओं पर सवाल
इधर, जागरुकता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा सुप्रीमो अखिलेश ने मप्र में आगामी चुनाव के मद्देनजर तीसरे विकल्प की दावेदारी जताई। सरकार बनने की संभावनाओं पर घोषणाएं भी की। अखिलेश विंध्य में तीन दिवसीस प्रवास पर हैं। उन्होंने समाजवादी जागरूकता सम्मेलन में केंद्र और मप्र सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाए। कुछ योजनाओं की तुलना यूपी में सपा सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं से की। योजनाओं और विकास को यहां से बेहतर बताया। मप्र में सपा गठबंधन की सरकार की संभावनाओं पर कहा, अगर ऐसा हुआ तो गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को तीन हजार रुपए समाजवादी पेंशन, मकान निर्माण के लिए तीन लाख रुपए, किसानों को ऋण माफी दी जाएगी।
खतरे की घंटी
अखिलेश प्रदेश व केंद्र सरकार के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी बरसे। कहा, केंद्र सरकार संविधान के परे काम कर रही है। कर्नाटक चुनाव मेें सर्वाधिक विधायक वाले दल को सरकार बनाने का अवसर नहीं दिया गया। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार चार बजे तक का समय बहुमत सिद्ध करने के लिए दिया है। वरना सरकार बदल दी जाएगी। उन्होंने सपा के लाल रंग को मेहनत करने वाले, गरीबों व किसानों का रंग बताया। बोले, लाल रंग प्रदेश सरकार के लिए खतरे की घंटी है। कहा, देश में जबतक किसान खुशहाल नहीं होगा, खुशहाली नहीं आएगी। आबादी बढ़ती जा रही है और संसाधन कम होते जा रहे हैं। आने वाले समय में पीने को पानी नहीं मिलेगा। पर इस दिशा में काम नहीं किया जा रहा है।
देश की पहली सड़क
यूपी में समाजवादी पार्टी के कार्यकाल को बेहतर ठहराते हुए कहा, उनकी सरकार ने एक ऐसी भी सड़क बनाई है जिस पर हवाई जहाज उतर सकता है। यह देश की पहली ऐसी सड़क है। कहा हमने तो एकबार मुख्यमंत्री रहकर ऐसी सड़क बना दी। यहां जो तीन बारसे मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने क्या ऐसी सड़क बनाई। दावा किया, सपा ने देश की सबसे अच्छी सड़क बनाई है। उसके किनारे मंडियों के लिए जमीन दी मंडियों उद्योगपतियों को नहीं।
90 प्रतिशत युवा बेरोजगार
नौजवानों की एक पीढ़ी ऐसी निकल जाएगी जिसके हाथ में रोजगार नहीं रहेगा। मप्र के ९० प्रतिशत युवा बेरोजगार है। बीजेपी के लोगों ने नौजवानों का सपना तोड़ दिया। प्रत्येक वर्ष एक करोड़ नौकरी देने का वायदा किया। नौकरी मिली क्या। जीएसटी व नोटबंदी ने तो अर्थव्यवस्था बिगाड़ दी। २३ हजार करोड़पति देश छोड़कर जा चुके हैं। जो उद्योग स्थापित कर सकते थे, वो बीजेपी से डर कर चले गए।