
Sidhi State Highway: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में लगातार हो रही बारिश ने बहरी-हनुमना राजकीय राजमार्ग पर समस्या खड़ी हो गई है। कोदौरा घाटी के मूड़ा पहाड़ में भारी बारिश से मुख्य सड़क तीन जगह से धंस गई। पहाड़ी से तेज बहाव के साथ आए पानी से मिट्टी का कटाव होने के कारण सडक़ बड़ा हिस्सा कमजोर हो गया। कई स्थानों पर सडक़ में दरारें भी आ गई हैं, जिससे सड़क धंसने की आशंका बनी हुई है। पुलिस ने मार्ग पर बेरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है।
सड़क धंसने की सूचना के बाद मार्ग के दोनों ओर बेरिकेड्स लगाकर पुलिस बल तैनात हो गया है ताकि कोई वाहन क्षतिग्रस्त हिस्से में प्रवेश न कर सके। छोटे वाहन चालकों को भी उस रास्ते पर जाने से रोका जा रहा है। पुलिस सभी को चेतावनी दे रही है। रुक-रुककर बारिश जारी रहने से और भूस्खलन जैसी घटना हो सकती है।
मार्ग बंद होने के बाद बहरी की ओर से हनुमना जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया है। अमिलिया पुलिस के मुताबिक वाहन 'अमिलिया से कमर्जी होकर' तथा 'सिंहावल से बांकी घाट होकर' हनुमना की ओर जा सकेंगे। यात्रियों और वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है।
पुलिस के मुताबिक धंसी हुई सड़क की स्थिति को देखते हुए जब तक मार्ग की आवश्यक मरम्मत पूरी नहीं हो जाती, मूड़ा पहाड़ से वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं की जाएगी। बारिश के बीच कमजोर हिस्से से गुजरना जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए वाहन चालकों को बेरिकेडिंग हटाकर आगे बढऩे से बचने की सलाह दी गई है।
घाटी में मार्ग तीन स्थानों पर धंसने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है। सड़क सुरक्षित होने के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा।
-राकेश वैश्य, थाना प्रभारी अमिलिया