सीधी

बजट मिलने के बाद भी नहीं बन पाईं सीधी जिले की ये सड़कें, कारण जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित थीं सड़कें, अफसरों ने नहीं सुलझाया जमीनी विवाद

2 min read
Apr 17, 2019
Lack of rupees was made by the incomplete road
Lack of rupees was made by the incomplete road

सीधी. मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से प्रस्तावित चार सड़कों का निर्माण जमीनी विवाद के कारण अटका हुआ है। किसानों ने निजी आराजी बताते हुए निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। जिसके बाद संबंधित अधिकारी समस्या का निराकरण कराने की बजाय मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। वहीं सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति करीब डेढ़ करोड़ की राशि विभागीय खाते में उंप है।

केस-1: सीधी विकासखंड के पड़रिया से नेगुड़ा पहुंच मार्ग की लंबाई 1 किमी है। इसका निर्माण में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से स्वीकृत किया गया था। इसमें दो पुलों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके लिए 17.41 लाख की मंजूरी थी। लेकिन निर्माण शुरू होते ही किसानों ने निजी आराजी बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद विभाग ने काम रोक दिया।

केस-2: सीधी विकासखंड में ही बलियार से ककरहा कला तक एक किमी लंबी सड़क का निर्माण शुरू किया गया था। शासन ने इसके लिए 18.55 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया था। 200 मीटर काम होने के बाद जमीन का विवाद सामने आ गया और काम रोकना पड़ा। इस मार्ग के निर्माण से ककरहा कला क्षेत्र लाभांवित होना था। काम में 58 हजार रुपए खर्च होने के बाद काम अब रुका हुआ है।

केस-3: मझौली विकासखंड में खमचौरा से पिडराताल तक 4 किमी लंबी सड़क का निर्माण प्रस्तावित था। इसके लिए 67.53 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया था। 58 हजार खर्च कर करीब 200 मीटर सड़क बनाई गई। इसके बाद जमीन विवाद सामने आया और काम रोक दिया गया।

केस-4: मझौली विकासखंड के मझिगंवा से चमरौंही मार्ग में दो किमी सड़क निर्माण के लिए 34.16 लाख स्वीकृत किए गए थे। 500 मीटर सड़क का निर्माण कराया गया। इसके बाद भूमि विवाद शुरू हो गया। जिसके बाद निर्माण कंपनी ने काम रोक दिया। विभाग अब तक 58 हजार रुपए खर्च होने का दावा कर रहा है।

केस-5: मझौली विकासखंड में ही चौहानन से घरभरा सड़क निर्माण के लिए तीन किमी की स्वीकृति मिली थी। इसके लिए 43.12 लाख की मंजूरी होने के बाद इसका निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए पांच सड़कों के निर्माण के लिए 180.77 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति थी, उक्त बजट से 11 किमी मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना का कार्य पूर्ण किया जाना है।

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना की प्रगति

स्वीकृत सड़क लंबाई लागत कुल व्यय
पड़रिया से नेगुड़ा 1 17.41 लाख 0
बलियार से ककरहा 1 18.55 लाख 0.058
खमचौरा से पिडरा ताल 4 67.53 लाख 0.058
मझिगंवा से चमरौंही 2 34.16 लाख 0.58
चौहानन से घरभरा 3 43.12 लाख 0
योग 11 180.77 लाख 0.174
नोट- लंबाई किलोमीटर में

Published on:
17 Apr 2019 01:51 am