
Police Arrest Wanted Accused, पुलिस की गिरफ्त में 10 हजार रुपये का इनामी आरोपी (Source- Patrika)
Sidhi Police Arrest Wanted Accused: मध्यप्रदेश के सीधी जिले की पुलिस ने महिला प्रधान आरक्षक की मौत के मामले में आरोपी पति को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब एक साल से फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस आरोपी को करीब 1300 किमी दूर मुंबई के पास से गिरफ्तार कर सीधी लाई है। आरोपी को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक पंचर की दुकान पर पकड़ा गया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिसकर्मियों को वेश बदलकर पंचर की दुकान पर काम करना पड़ा।
मामला 15 सितंबर 2025 की रात का है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के आवास क्रमांक एल-7 में महिला प्रधान आरक्षक सविता साकेत की मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। मृतका की पुत्री की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि सविता और उसके पति वीरेंद्र के बीच पिछले कुछ वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद सविता कमरे में मृत मिली थीं। वारदात के बाद से ही पति वीरेंद्र फरार हो गया था।
गंभीर और संवेदनशील मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था। सीधी पुलिस की टीमें गुजरात, पश्चिम बंगाल और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में उसकी तलाश में दबिश दे चुकी थीं। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस को आरोपी के महाराष्ट्र में मुंबई के आसपास होने की जानकारी मिली।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पता चला कि आरोपी महाराष्ट्र के राजगढ़ जिले के खिरखिनदीवाड़ी क्षेत्र में एक औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में ड्राइवरी कर रहा है। पुलिस ने उसकी दिनचर्या पर नजर रखी तो एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। आरोपी प्रतिदिन वाहन की हवा चेक कराने और पंचर संबंधी काम के लिए एक निश्चित दुकान पर पहुंचता था। पुलिस ने इसी आदत को उसकी गिरफ्तारी का रास्ता बनाया। आरोपी को भनक लगने पर उसके फिर फरार होने की आशंका थी। ऐसे में कोतवाली पुलिस ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार विशेष रणनीति तैयार की।
पुलिसकर्मी हुलिया बदलकर पंचर और वाहन में हवा भरने वाली दुकान पर पहुंच गए और वहां काम करते हुए आरोपी का इंतजार करने लगे। कई घंटे तक टीम ने सामान्य ग्राहकों की तरह दुकान पर मौजूद रहकर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। रोज की तरह आरोपी वाहन लेकर दुकान पर पहुंचा और पुलिसकर्मियों को पहचान भी नहीं सका। जैसे ही वह वाहन में हवा चेक कराने में व्यस्त हुआ, पहले से तैयार टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेंद्र साकेत उर्फ लाला पिता रामनाथ साकेत (47 वर्ष) निवासी ग्राम मवई थाना चुरहटए जिला सीधी के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को करीब 1300 किमी दूर से गिरफ्तार कर पुलिस सीधी लेकर आई और यहां न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका रिमांड प्राप्त किया है। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Updated on:
02 Sept 2026 07:04 pm
Published on:
02 Sept 2026 07:04 pm
