
sidhi big accident: two young men Death of tractor and Bike collision
सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिला अंर्गत मझौली थाना क्षेत्र में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। बताया गया कि पथरौला चौकी अंतर्गत बस्तुआ गांव के (उपरटोला) में एक ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। आनन-फानन में ग्रामीणों ने तुरंत डायल 100 सहित चौकी पुलिस को सूचना दी। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेने के बाद चौकी लेकर आई। सुबह चिकित्सकों की मौजूदगी में पीएम उपरांत दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए है। यह घटना रविवार शाम तकरीबन 8 बजे की बताई जा रही है।
ये है मामला
मिली जानकारी के मुताबिक जनपद पंचायत कुसमी के कोटा गांव निवासी सत्यभान साहू पिता विशेसर 36 वर्ष, इन्द्रभान साहू पिता काशी 28 वर्ष मडवास बाजार में सामान की खरीददारी करने गए थे। खरीददारी करने के बाद दोनों रिस्तेदार के यहां निमंत्रण में नदहा गांव चले गए। वापसी के समय जैसे ही बस्तुआ उपरटोला पहुंचे तो सामने से गेहूं की फसल लोड़कर आ रहे ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 53 एए 5205 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार युवकों को ठोकर मार दी।
10 मिनट के अंदर दोनों की मौत
बताया गया कि ट्रैक्टर की टक्कर लगते ही 10 मिनट के अंतराल में दोनों युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतकों के पीछे एक बाइक पर मृतक सत्यभान के पिता विशेषर साहू अपने दो साथियों के साथ आ रहे थे। जिनके द्वारा घटना की सूचना नेटवर्क खोजकर 100 डायल व पुलिस चौकी पथरौला को दी गई। जिस पर पथरौला चौकी प्रभारी केदार परौहा व 100 डायल अपनी टीम के साथ तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक पिता के सामने पुत्र की मौत हो चुकी थी।
चौकी में रातभर रखा शव
पहाड़ी अंचल में रात हो जाने के कारण दोनों मृतकों के शव को पुलिस चौकी पथरौला में रखवाया गया। इधर चौकी पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर पंचनामा आदि कार्रवाई शुरू कर दी है। सुबह दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए मडवास अस्पताल में भेज दिया गया है। उक्त घटना से जहां कोटा अंचल में शोक की लहर व्याप्त है। वहीं एक ही परिवार के दो जवान बेटों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Published on:
15 Apr 2019 12:26 pm
