सीधी

MP Election 2023 : गढ़ फतह कर पाएंगे अजय सिंह या भाजपा और आप में उलझेंगे ?

चुरहट विधानभा सट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय। जाने समीकरण...।

2 min read
Nov 15, 2023
MP Election 2023 : गढ़ फतह कर पाएंगे अजय सिंह या भाजपा और आप में उलझेंगे ?

पुष्पेंद्र पाण्डेय की रिपोर्ट

मध्य प्रदेश के सीधी जिले की चुरहट विधानसभा सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय सिंह फिर चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने कांग्रेस के इस मजबूत किले को ढहाने वाले विधायक शरदेंदु तिवारी पर ही भरोसा जताया है। 2018 के चुनाव में 6 बार के विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह राहुल अपने ही गढ़ में नए चेहरे से 6402 वोट से मात खा गए थे। इस बार आम आदमी पार्टी के अनय मिश्रा मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रहे हैं। अनय पूर्व सांसद गोविंद मिश्रा के बेटे हैं।

मतदाता कर रहे हैं तीखे सवाल

चुरहट विधानसभा क्षेत्र में मतदाता मुखर नजर आ रहे हैं। चुरहट बाजार में मिले डॉ. अजय सिंह कहते हैं कि 18 साल से कोई विकास नहीं हुआ। पिछले पांच साल में कस्बे में सिर्फ तीन किलोमीटर सड़क ही बन सकी है। युवा बेरोजगार हैं। व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है।

सूरज नामदेव को लगता है कि मोबाइल की तरह नेता का भी अपडेशन होना जरूरी है।

शेरबहादुर सेन सरकारी शिक्षा व्यवस्था से नाराज मिले। वो कहते हैं कि हर साल एक लाख रुपए प्राइवेट स्कूल में बच्चे को पढ़ाने पर खर्च हो रहे हैं। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई और संसाधन होते तो फीस के बोझ तले नहीं दबना पड़ता।

मृदुल विश्वकर्मा का कहना है कि 5 किलो राशन देकर जनता को गुमराह किया जा रहा रहे। इतने में पूरा महीना नहीं चलता।

बीए, एलएलबी करने के बाद भी बेरोजगार घूम रहे अनिल गुप्ता ने भ्रष्टाचार और परीक्षा में वसूली को लेकर अपनी नाराजगी जताई।


क्षेत्र के मुख्य मुद्दे

भाजपा की ओर से: कांग्रेस यहां से 9 बार जीती। विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। उद्योग के नाम पर डालडा फैक्ट्री बंद पड़ी है। युवा बेरोजगार घूम रहे। अबतक रेल सुविधा से विहीन क्षेत्र के लोग अब ट्रेन से सफर कर सकेंगे।

कांग्रेस की ओर से: भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा। बेरोजगार युवाओं से परीक्षा के नाम पर वसूली की जाती है। विकास में पिछड़ा। व्यापारी वर्ग को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है। अस्पतालों और स्कूलों की अव्यवस्था।


भाजपा के वादे

विधानसभा क्षेत्र से ट्रेन दौड़ाने की कोशिश होगी। लाड़ली बहना योजना की राशि 3000 तक करेंगे। आवास के साथ बिजली, पानी की व्यवस्था। सिंचाई के लिए भरपूर पानी और खाद। हर घर से बेरोजगार को रोजगार। शिक्षा व्यवस्था में सुधार।


कांग्रेस के वादे

किसानों का कर्ज माफ करेंगे। पुरानी पेंशन योजना। 12वीं तक के छात्रों को मुफ्त शिक्षा और छात्रवृत्ति देंगे। सिलेंडर और बिजली बिल में राहत दी जाएगी। भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी। महिलाओं को 1500 रुपए देकर उनका सम्मान बढ़ाएंगे।

Published on:
15 Nov 2023 05:12 pm
Also Read
View All