
- जोगेंद्र सिंह गौड़
सीकर। 2018 के विधानसभा चुनाव में इस बार प्रदेश के करीब 90 हजार वांछित अपराधियों का नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा। ताकि चुनाव सुरक्षा और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाए जा सके। इनमें वे अपराधी शामिल होंगे जो कि, पुलिस के दर्ज मामलों में भगौड़े चल रहे हैं और दूसरे वो जिनके खिलाफ न्यायालय ने स्टेंडिंग वारंट जारी कर रखा है और वे पेशी के लिए लंबे समय से कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे हैं।
सितंबर में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निर्वाचन विभाग के आयुक्त ने प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों को इनके जिले के वांछित अपराधियों के नाम मतदाता सूची से हटवाने के निर्देश दिए हैं। इनके नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिए संबंधित पुलिस अधीक्षकों ने जिला कलक्टर को पत्र भी लिख दिए हैं।
कर्मचारियों ने संबंधित थानों से इन वांछित अपराधियों की जानकारी जुटा नाम काटने की तैयारियां शुरू कर दी है।
जयपुर रेंज कमिश्नर व ग्रामीण में करीब 29600 वांछित अपराधी हैं। जबकि जोधपुर रेंज में तीन हजार, बीकानेर रेंज में 6000, भरतपुर में 7000 व कोटा रेंज में करीब 9000 वांछित अपराधी पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं।
80 हजार हैं फरार
प्रदेशभर में 80 हजार के करीब वांछित अपराधी ऐसे हैं। जो कि, न्यायालय से वेल जंप हैं और समय पर कोर्ट में पेशी पर नहीं आ रहे हैं। ना ही मुकदमे में पडऩे वाली तारीख पर न्यायालय में हाजिरी देने पहुंच रहे हैं। जबकि न्यायालय उनके खिलाफ वारंट तक जारी कर चुका है। आठ से दस हजार उन वांछित अपराधियों को भी शामिल किया जाएगा।
ग्राम सभाएं आज, लिस्ट मे नाम जुड़वा सकेंगे
जयपुर विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और मौका देते हुए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मंगलवार को प्रदेश की सभी ग्राम व वार्ड सभाओं में मतदाता सूची का पठन किया जाएगा। इस दौरान जिन मतदाताओं के नाम नहीं होंगे, वे अपने नाम जुड़वा सकेंगे। इसके साथ ही दोहरे व तिहरे नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि 2 अक्टूबर के अलावा भी 3 और 4 अक्टूबर को शाम 4 से रात 8 बजे के मध्य सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची का पठन कर जानकारी दी जाएगी। प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को कहा गया है कि वे अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूचियों की एक-एक प्रति बूथ लेवल अधिकारियों को उपलब्ध करवाएं, जिससे ग्राम सभा में मतदाता सूचितयों का पठन किया जा सके।