
Sikar Student Attacks Teacher (Photo-AI)
Sikar Student Attacks Teacher: शिक्षक दिवस से ठीक दो दिन पहले सीकर के एक निजी कॉलेज में पूर्व छात्र ने लेक्चरर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में लेक्चरर अनवर खान गंभीर रूप से घायल हो गए। कॉलेज स्टॉफ और अन्य लोगों ने उन्हें उपचार के लिए एसके हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। मामले में घायल शिक्षक के छोटे भाई फतेहपुर निवासी आसिफ जोया ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
गोकुलपुरा थानाधिकारी राजाराम लेघा ने बताया कि आरोपी इंतखाब अंसारी (32) निवासी वार्ड दो, गुलाब कोठी, फतेहपुर रोड, सीकर है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे कॉलेज पहुंचा था। यहां उसने लेक्चरर अनवर खान से बातचीत की। इस दौरान आरोपी ने कहा कि आपने उसे बीटेक करने के लिए कहा था और नौकरी लगवाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन उसकी नौकरी नहीं लगी।
नौकरी नहीं लगने की बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने लेक्चरर अनवर खान पर हमला कर दिया। आरोपी ने शिक्षक के सीने, पेट, कमर और पीठ पर चार से पांच वार किए। अचानक हुए हमले से कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। कॉलेज स्टॉफ और अन्य लोगों ने घायल शिक्षक को संभाला और तत्काल एसके हॉस्पिटल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इंतखाब अंसारी ने साल 2017 में इसी कॉलेज से बीटेक किया था। इसके बाद करीब नौ साल से उसकी नौकरी नहीं लगी थी। पुलिस का कहना है कि नौकरी नहीं लगने के कारण वह परेशान था। इसी बात को लेकर उसने लेक्चरर पर हमला किया।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले के पीछे नौकरी नहीं लगने को लेकर आरोपी की नाराजगी को प्रमुख वजह बताया जा रहा है।
Updated on:
04 Sept 2026 12:02 pm
Published on:
04 Sept 2026 12:01 pm
