2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: टाइल मिस्त्री ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में जीते 50 लाख, ग्रामीणों ने बड़ी स्क्रीन पर देखा पूरा एपिसोड

सीकर के श्यामपुरा गांव के टाइल मिस्त्री कृष्ण कुमावत ने मेहनत और पढ़ाई के दम पर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर बड़ी उपलब्धि हासिल की। दिनभर मजदूरी और रात में पढ़ाई करने वाले कृष्ण ने हॉट सीट पर 50 लाख रुपए जीते। गांव में उनकी इस जीत का जश्न अनोखे अंदाज में मनाया गया।
2 min read
Google source verification

सीकर

image

Kamal Mishra

Sep 02, 2026

Krishna Kumawat

Sikar: केबीसी में 50 लाख जीतने के बाद गांव में कृष्ण कुमावत का स्वागत। (फोटो-पत्रिका)

सीकर। दिनभर टाइल लगाने का काम और रात में किताबों से ज्ञान बढ़ाने की मेहनत आखिरकार रंग लाई। पाटन क्षेत्र की ग्राम पंचायत श्यामपुरा निवासी टाइल मिस्त्री कृष्ण कुमावत ने कौन बनेगा करोड़पति के 18वें सीजन में 50 लाख रुपए जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। सोमवार देर शाम प्रसारित हॉट सीट विजेता कार्यक्रम में कृष्ण ने 50 लाख रुपए जीतने के बाद खेल छोड़ने का फैसला किया। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।

कृष्ण की सफलता का गवाह पूरा गांव बना। ग्राम पंचायत परिसर में बड़ी एलसीडी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। ग्रामीणों ने एक साथ बैठकर पूरा कार्यक्रम देखा। जैसे ही कृष्ण ने 50 लाख रुपए जीते, ग्रामीणों ने तालियों के साथ खुशी जताई। कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों ने कृष्ण कुमावत का सम्मान भी किया।

काम के साथ जारी रखी पढ़ाई

कृष्ण कुमावत साधारण परिवार से हैं और टाइल लगाने का काम करते हैं। इस काम में उनका छोटा भाई भी सहयोग करता है। कृष्ण के दो बच्चे हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद कृष्ण ने पढ़ाई का साथ नहीं छोड़ा। दिनभर काम करने के बाद रात में पढ़ाई कर अपना सामान्य ज्ञान बढ़ाते रहे। उन्होंने बताया कि इस मुकाम को हासिल करने के लिए उन्होंने अपनी नींद तक का त्याग किया।

युवाओं से बोले- मेहनत का कोई विकल्प नहीं

सफलता के बाद कृष्ण ने युवाओं व विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य और सपने तय किए बिना मेहनत करना बेकार है। सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत जरूरी है। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया से दूरी रखने और इंटरनेट का उपयोग केवल सीखने व ज्ञान बढ़ाने के लिए करने की सलाह दी।

सरपंच ने बताया प्रेरणास्रोत

ग्राम पंचायत सरपंच मनीषा देवी ने कृष्ण की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि गांव के एक व्यक्ति ने देश के इतने बड़े मंच पर 50 लाख रुपए जीतकर श्यामपुरा का नाम रोशन किया है। कृष्ण कुमावत की सफलता गांव के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।