
Jaipur: हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन (फोटो-सोशल मीडिया)
जयपुर। राजधानी जयपुर में मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास हुए सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फुटेज में दो एसयूवी के बीच जोरदार टक्कर होती दिखाई दे रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास से गुजर रहा ई-रिक्शा भी इसकी चपेट में आ गया और हवा में उड़ते हुए पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस हादसे में शामिल एक एसयूवी पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम रजिस्टर्ड बताई जा रही है। इसी गाड़ी को लेकर अब सोशल मीडिया पर 26 चालान होने की चर्चा भी तेज हो गई है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज सामने आने का बाद मामला पूरी तरह पलटता नजर आ रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि पूर्व मंत्री की पत्नी की गाड़ी सामान्य गति से मुड़ रही है, इसी बीच दूसरी गाड़ी तेज रफ्तार में आती है और चांदना की पत्नी की गाड़ी को टक्कर मारते हुए ई-रिक्शा से टकरा जाती है। वहीं, हादसे के वक्त दोनों एसयूवी कौन चला रहा था, यह अभी पुलिस जांच का विषय है।
पुलिस के अनुसार घटना 31 अगस्त की रात मानसरोवर मेट्रो स्टेशन तिराहे की है। ई-रिक्शा में तीन लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक एक घायल की स्थिति गंभीर है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दोनों वाहनों में चालक मौजूद नहीं मिले। पुलिस ने दोनों एसयूवी को जब्त कर लिया है। मानसरोवर थानाधिकारी सतीशचंद्र के मुताबिक दोनों वाहनों के मालिकों को नोटिस भेजे गए हैं। पुलिस वाहन मालिकों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर चालकों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल एक एसयूवी वाटिका रोड निवासी शिव कुमार के नाम दर्ज है, जबकि दूसरी गाड़ी ललिता चांदना के नाम रजिस्टर्ड है। ललिता चांदना पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी हैं।
गाड़ी के नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस हादसे की चर्चा और तेज हो गई है। दावा किया जा रहा है कि ललिता चांदना के नाम दर्ज एसयूवी पर पहले से 26 चालान हैं। वहीं दूसरी एसयूवी पर 6 चालान हैं।
हादसे के वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने वाहन पर बताए जा रहे चालानों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। कुछ यूजर्स ने व्यंग्य करते हुए सवाल किया कि यदि किसी वाहन पर लगातार यातायात नियमों से जुड़े चालान दर्ज होते हैं तो फिर उसके खिलाफ कार्रवाई की स्थिति क्या है और ऐसे मामलों में वाहन सड़कों पर किस तरह संचालित हो रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया पर चल रही टिप्पणियों और दावों से अलग पुलिस फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालकों की पहचान पर फोकस कर रही है।
मानसरोवर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। फुटेज के जरिए दोनों वाहनों की गति, टक्कर की दिशा और हादसे से पहले की स्थिति का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस घायलों के बयान भी दर्ज कर रही है। जांच पूरी होने के बाद जिस चालक की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मानसरोवर मेट्रो स्टेशन तिराहा जयपुर के व्यस्त इलाकों में शामिल है। पुलिस के अनुसार रात के समय यातायात अपेक्षाकृत कम होने पर कुछ वाहन चालक तेज गति से गुजरने की कोशिश करते हैं। ऐसे स्थानों पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। फिलहाल इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि टक्कर के वक्त दोनों एसयूवी की ड्राइविंग सीट पर कौन था और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इन सवालों के जवाब तलाश रही है।
Updated on:
02 Sept 2026 09:40 pm
Published on:
02 Sept 2026 09:40 pm
