- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पंचमहाल जिले के कलोल के पास दर्दनाक हादसा सीकर के मोहल्ला हुस्सैनगंज में अपने रिश्तेदार की फातेहा में शामिल हो वापस वड़ोदरा लौट रहा था परिवार
सीकर. गुजरात के पंचमहाल जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कलोल के पास सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में वडोदरा के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दो मृतक सगे भाई थे, जबकि दो चचेरे भाई थे। सभी सीकर के मोहल्ला हुस्सैनगंज में अपने रिश्तेदार की फातेहा में शामिल होने आए थे। मृतकों की पहचान साजिद अलादीन खिंची (55), इलियास इकबाल खिंची (50), इशाक इकबाल खिंची (48) और रेहान अजगर खिंची (35) के रूप में हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कलोल रेफरल अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई। जानकारी के मुताबिक, परिवार राजस्थान के सीकर से एक शोक कार्यक्रम में शामिल होकर वडोदरा लौट रहा था। तभी कलोल के पास चालक को झपकी आ गई और उसका वाहन से नियंत्रण हट गया। जिसके बाद कार बीच के डिवाइडर को पार करते हुए सामने से आ रही लेन में पहुंच गई और जोरदार टक्कर हो गई। इससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति 27 वर्षीय अब्दुल रऊफ अमीन खिंची, चमत्कारिक रूप से बच गया
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बचाव कार्य शुरू कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, चार लोगों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कलोल रेफरल अस्पताल भेज दिया गया है। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और फिलहाल इसे ट्रायल रन के लिए खोला गया है।
रेहान अजगर खिंची और साजिद अलादीन खिंची दोनों आपस में चचेरे भाई थे। वहीं मृतक इलियास इकबाल खिंची व इशाक इकबाल खिंची सगे भाई थे। जबकि हादसे में बाल-बाल बचने वाल अब्दुल रऊफ आमीन खिंची इन दोनों के चचेरे भाई हैं।
हादसे में चारों मृतकों का परिवार मूलत: सीकर के मोहल्ला हुस्सैनगंज स्थित खिजरा मस्जिद के पास का रहने वाले हैं। इनके बहुत से परिवार वाले व रिश्तेदार मोहल्ला हुस्सैनगंज में ही रहते हैं। करीब 60 साल से कुछ भाई व्यवसाय के सिलसिले में गुजरात के वड़ोदारा चले गए थे। वड़ोदारा के अलीफ नगर के पास तहुरा पार्क के समपीताम्बलिया में कई परिवार रह रहे हैं। इन सबका गुजरात में बिल्डिंग लाइन का काम है।
मृतक रेहान अजगर खिंजी के ताऊ गफ्फार खिंजी का सीकर में इंतकाल हो गया था। गफ्फार खिंजी की रविवार सुबह 10 बजे फातेहा थी। दुआ में शामिल होने के लिए गुजरात के वड़ोदरा से रविवार सुबह सात बजे दो गाड़ियों में उनके परिवार के लोग आए थे। एक कार सवार पांच लोग रविवार को दोपहर दो बजे खाना खाकर एक घंटे बाद 3 बजे सीकर से कार में गुजरात के लिए रवाना हो गए थे। रविवार रात 3 बजे ड्राइवर को झपकी आ गई थी, झपकी आने के चलते तेज रफ्तार में चल रही कार डिवाइडर कूदकर दूसरी तरफ खाई में जा गिरी। जबकि दूसरी गाड़ी में आए रिश्तेदार गुजरात के नवसारी से आए थे जो उनके पीछे ही निकल गए थे।