
रींगस.
श्रीमाधोपुर थाना क्षेत्र के मलिकपुर शराब ठेके पर सोमवार को कार में सवार होकर आए हथियारबंद युवकों ने ठेका मालिक व सेल्समैन से मारपीट की। बंदूक दिखाकर वहां से दो लाख पांच हजार रूपए लूटकर ले गए। आरोपियों ने ठेके में रखी शराब की बोतलों में भी तोडफ़ोड़ की। मारपीट में घायल दोनों युवकों को रींगस के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मान रही है। पुलिस के अनुसार मलिकपुर शराब ठेके पर सोमवार को दोपहर में सेल्समैन ठीकरिया निवासी सुरेन्द्र सिंह व ठेका मालिक शीशराम बैठे थे। तभी दो कारों में सवार होकर आए एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने सेल्समैन के गले पर बंदूक लगाकर गल्ले में रखे दो लाख पांच हजार रूपए लूट लिए। ठेके में रखी शराब की बोतलें तोड़ दी। इन युवकों ने शीशराम व सुरेन्द्र के साथ लाठी सरियों से मारपीट की। वारदात की सूचना पर श्रीमाधोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तेजपाल सिंह, शंकर लाल बगडिया, देवीलाल व बद्रीप्रसाद सहित करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मारपीट के दौरान दोनों युवकों के फोटो वीडिय़ों भी बनाए तथा जान से मारने की धमकी देकर पटक गए। पुलिस के अनुसार शीशराम व शंकर बगडिया के बीच शराब ठेकों को लेकर पहले से रंजिश चल रही है। शंकर भी शराब कारोबार से जुडा है। उसके पास पहले मलिकपुर गांव का शराब ठेका था। दोनों में पहले भी ठेकों को लेकर मारपीट की घटनाएं हो चुकी है। वर्ष 2017 में भी दोनों के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसको लेकर श्रीमाधोपुर थाने में मामला दर्ज करवाया गया था।
Read More :
ठेके पर लूट के आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
श्रीमाधोपुर थाना इलाके में शराब की दुकान के सेल्समैन के साथ मारपीट कर लूट करके फरार हुए दो आरोपी नाकाबंदी के दौरान खंडेला पुलिस के हत्थे चढे। थानाधिकारी रामकिशोर ने बताया कि श्रीमाधोपुर थाना इलाके में शराब के ठेके पर सेल्समैन के हाथ पैर तोडकऱ लूट के बाद नाकाबंदी करवाई गई थी। नाकाबंदी के दौरान एक कार में सवार दो युवकों को रूकवाकर पूछताछ की गई तो उनके द्वारा संतोषप्रद जबाब नही मिलने पर उनकी गाड़ी की तलाशी ली गई। गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें दांतला, कुल्हाड़ी, लोहे का सरिया व लकड़ी मिली। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होनें वारदात करना बताया। पकड़े गए शंकरलाल व तेजपाल का मेडिकल करवा कर दोनों को श्रीमाधोपुर पुलिस को सौंप दिया गया।