
सीकर।
सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में गाडिय़ों में सवार होकर आए बदमाशों ने शराब ठेका सेल्समैन के साथ बंदूक की नोक पर दिनदहाड़े मारपीट कर लाखों की लूट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने सबसे पहले सेल्समैन को दुकान से बाहर निकाला और लाठी डंडों से हमला बोलते हुए उसके हाथ-पैर तोड़ दिए। इसके बाद ठेके से करीब दो लाख रुपए लेकर बदमाश मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार श्रीमाधोपुर क्षेत्र के मलिकपुर गांव स्थित शराब ठेके पर आज करीब 5 बजे दो गाडिय़ों में सवार होकर आए हथियार लेस बदमाशों ने शराब ठेका सेल्समैन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे सेल्समैन बुरी तरह से घायल हो गया। वहीं बदमाश मौके से दो लाख रुपए लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सेल्समैन को गंभीर हालत में रींगस कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अचानक कर दिया हमला
जानकारी के अनुसार सेल्समैन कुछ समझ पाता इससे पहले ही बदमाशों ने उस पर लाठी डंडो से हमला बोल दिया और उसके हाथ-पैर तोड़ दिए। वहीं कनपटी पर बंदूक रखकर दो लाख रुपए लेकर फरार हो गए।
दहशत में आए लोग
सेल्समैन पर तोबड़ तोड़ हमले के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। वहीं घटना के बाद लोगों में दहशत फैल गई।